कलयुगी बेटे का खूनी तांडव: शोर कम करने को कहा तो फावड़े से पिता को उतारा मौत के घाट

परासिया (छिंदवाड़ा): रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात में एक बेटे ने अपने ही वृद्ध पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना परासिया के बी.जे. सायडिंग क्षेत्र की है, जहाँ महज होम थिएटर की आवाज कम करने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया।

36 वर्षीय आरोपी नीरज इवनाती देर रात तेज संगीत बजा रहा था। जब उसकी माँ ने शोर पर आपत्ति जताई, तो वह अभद्रता करने लगा। बीच-बचाव करने आए 72 वर्षीय पिता भारत लाल इवनाती पर नीरज ने आपा खोकर पास रखे फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में परासिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा बरामद कर आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। इस घटना ने समाज में बढ़ते आक्रोश और बिखरते पारिवारिक मूल्यों पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं।