आफत की बारिश: शक्कर नदी उफान पर, हर्रई-बटका मार्ग बंद, 20 गांवों का टूटा संपर्क,36घंटे में ढाईं इंच से ज्यादा बारिश
हर्रई विकासखंड में बीते 12 घंटे से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है, जिसके चलते नदियों और नालों में जलस्तर तेजी से बढ़ा है। इसका सीधा असर ग्रामीण क्षेत्रों पर पड़ा है—करीब 20 गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट चुका है। कई स्थानों पर खेत तालाब में तब्दील हो गए हैं, जिससे मक्का और धान की फसलें खराब होने लगी हैं।
किसानों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि जलभराव के कारण फसलें सड़ने की कगार पर हैं। अब तक हर्रई में कुल 734 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। वहीं, बीते 36 घंटों में ढाई इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जिसने आम जनजीवन को प्रभावित किया है।
स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है, लेकिन सड़क संपर्क टूटने और पानी के तेज बहाव के चलते राहत कार्यों में बाधाएं आ रही हैं।
बीते 24 घंटे में छिंदवाड़ा जिले में औसतन 20.2 मिमी बारिश, हर्रई सबसे आगे
जिले में 25 जुलाई 2025 को समाप्त बीते 24 घंटे में औसतन 20.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश हर्रई तहसील में 54.2 मिमी और उसके बाद तामिया में 45.0 मिमी रही। वहीं, सबसे कम वर्षा अमरवाड़ा (5.2 मिमी) और छिंदवाड़ा मुख्यालय (8.2 मिमी) में हुई।
वर्षा की प्रगति की बात करें तो इस साल 1 जून से 25 जुलाई तक जिले में औसतन 515.5 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में हुई 536.5 मिमी वर्षा से 21 मिमी कम है।
ब्लॉकवार बारिश का ब्योरा (मिमी में) –
तहसील दैनिक वर्षा प्रगति (2025) प्रगति (2024)
छिंदवाड़ा 8.2 459.2 394.2
मोहखेड़ 14.2 453.6 813.2
तामिया 45.0 550.0 629.0
अमरवाड़ा 5.2 546.2 735.4
चौरई 7.1 488.7 525.8
हर्रई 54.2 734.1 509.8
बिछुआ 28.2 427.0 607.6
परासिया 14.3 382.4 374.5
जुन्नारदेव 20.6 507.4 427.0
चांद 9.0 575.3 598.6
उमरेठ 16.6 566.6 289.9
जिले की सामान्य औसत वर्षा 1059.0 मिमी मानी जाती है, लिहाजा अब तक लगभग 48.7% बारिश हो चुकी है।