अहमदाबाद प्लेन क्रैश: 275 लोगों की मौत, 100 ताबूतों का ऑर्डर; 248 शवों की DNA जांच पूरी, केवल 6 की हुई पहचान”

अहमदाबाद। एयर इंडिया की लंदन जा रही फ्लाइट AI-171 का दर्दनाक हादसा देश को झकझोर गया है। टेकऑफ के चंद मिनटों बाद क्रैश हुए इस विमान में अब तक 275 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। हादसे के बाद से अस्पतालों और पोस्टमॉर्टम हाउस में शवों की भीड़ है।

एयर इंडिया ने मृतकों के अंतिम संस्कार की तैयारी में 100 ताबूतों का ऑर्डर दिया है। अहमदाबाद सिविल अस्पताल में 248 शवों के DNA नमूने लिए गए, लेकिन अब तक केवल 6 शवों की पहचान संभव हो सकी है।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, शेष शवों की पहचान के लिए परिजनों से सैंपल लेकर मिलान किया जा रहा है। शवों की हालत गंभीर रूप से जली हुई है, जिससे पहचान में देरी हो रही है।

इस भीषण दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी अपनी जान गंवा चुके हैं। विमान में 242 यात्री सवार थे, जिनमें एकमात्र व्यक्ति चमत्कारी रूप से जीवित बचा।

घटना के बाद विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है और DGCA ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे की भयावहता को देखते हुए पूरा देश शोकाकुल है, और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।