अनोखा लोकार्पण: बिना टेंडर लग गए लाखों के पेवर ब्लॉक, पार्षदों ने बताया ‘ईश्वर का चमत्कार’

नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के दीनदयाल पार्क में रविवार को एक अनोखा मामला सामने आया, जहाँ बिना किसी टेंडर प्रक्रिया और विभागीय जानकारी के लाखों रुपए के पेवर ब्लॉक लग गए। हैरत की बात यह है कि इस निर्माण कार्य की जानकारी न तो सब-इंजीनियर को है और न ही कार्यपालन यंत्री को। यहाँ तक कि इसी परिसर में बैठने वाले जलप्रदाय और विद्युत विभाग के सभापति भी इस कार्य से अनभिज्ञ हैं। इस स्थिति को देखते हुए कांग्रेस पार्षद आकाश मोखलगाय और राहुल मालवीय ने इसे ‘ईश्वर की कृपा’ से हुआ कार्य माना और बाकायदा प्रभु श्री राम की आराधना कर मिठाई बाँटते हुए इसका लोकार्पण कर दिया।

पार्षदों ने इस घटनाक्रम पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि जब निगम के अधिकारियों और जिम्मेदार पदाधिकारियों को ही काम की जानकारी नहीं है, तो यह स्पष्ट रूप से अनियमितता की ओर इशारा करता है। कांग्रेस पार्षद दल ने चेतावनी दी है कि इस कार्य का भविष्य में किसी भी तरह से टेंडर निकालकर भुगतान नहीं किया जाना चाहिए। यदि ऐसा होता है, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शासन-प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही, पार्षद दल ने निगम के सभी 48 वार्डों में इसी तरह गुपचुप तरीके से हुए कार्यों की जाँच करने का निर्णय लिया है।