अज्ञात कारणों से 16 वर्षीय किशोरी ने की आत्महत्या, परिजनों में मचा कोहराम

छिंदवाड़ा। देहात थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में उस समय सनसनी फैल गई जब 16 वर्षीय किशोरी हर्षिता भोजकर ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार की दोपहर की है। परिजन और स्थानीय लोग इस घटना से सदमे में हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हर्षिता भोजकर, पिता कैलाश भोजकर, बजरंग नगर की निवासी थी। हर्षिता के पिता बुटिक का काम करते हैं और उनके बुटिक में अन्य युवतियां सिलाई का कार्य करती हैं। मंगलवार दोपहर हर्षिता ने परिवार के साथ भोजन किया। इसके बाद वह पानी भरने के बाद कमरे में चली गई और अपने पिता से कहा कि वह सोने जा रही है।

शाम लगभग पांच बजे जब उसके पिता ने सिलाई कर रही युवतियों से कहा कि हर्षिता को चाय बनाने के लिए बुलाएं, तो उनमें से एक युवती जब कमरे में गई, तो वहां का दृश्य देखकर दंग रह गई। उसने देखा कि हर्षिता फांसी के फंदे से लटकी हुई थी। उसने तुरंत पिता को सूचना दी, जिसके बाद हर्षिता को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। अभी तक आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों व परिचितों से पूछताछ कर रही है।