हत्या खुलासा: एकतरफा प्रेम में दोस्त की कर दी थी हत्या
भोपाल
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की अशोका गार्डन पुलिस ने हत्या के एक मामले का आज खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने एक लड़की से एकतरफा प्रेम के चलते अपने ही एक दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार रितेश ठाकुर और अजय दुबे दोनों दोस्त थे। रितेश अपने साथ पढ़ने वाली एक लड़की से प्रेम करता था, लेकिन लड़की के अजय से संबंध थे। इसी संदेह पर आरोपी रितेश का अजय से विवाद हो गया और इसी विवाद को लेकर रितेश और अजय के साथ एक अन्य दोस्त गत छह जनवरी को प्रभात चौराहे पर एकत्रित हुए थे। वहां रितेश का अजय से हुए विवाद पर उसने अजय पर चाकू से प्रहार कर दिया। गंभीर रुप से घायल अजय को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, वहां उसने दमतोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी रितेश फरार हो गया, जिसे कल पुलिस घेराबंदी में गिरफ्तार कर लिया गया। मूल रूप से सागर जिले के खुरई के रहने वाला रितेश यहां गोविंदपुरा क्षेत्र के रचना नगर में रहता था।