बिछुआ: बच्ची की दवा पीने से मौत के मामले स्वास्थ्य विभाग की सफाई : बच्ची को रेफरल के बावजूद घर ले गए थे परिजन: टीम गठित,मेडिकल पर होगी कार्यवाही
जिले के बिछुआ ब्लॉक से एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ 5 माह की एक बच्ची रूही मिनोटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। बच्ची के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बिना डॉक्टरी परामर्श के निजी मेडिकल स्टोर से खरीदी गई ‘कासामृत-सीरप’ और अन्य दवाइयों के सेवन से उनकी बच्ची की जान गई है। घटना के बाद प्रशासन ने संबंधित मेडिकल स्टोर के खिलाफ कार्यवाही करते हुए एक उच्च-स्तरीय जाँच टीम गठित कर दी है।
गंभीर हालत में लाई गई थी अस्पताल
कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, छिंदवाड़ा द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, अम्बेडकर वार्ड नं. 12, बिछुआ निवासी 5 माह की रूही मिनोटे (पिता संदीप मिनोटे) को 30 अक्टूबर 2025 को प्रातः लगभग 04:30 बजे गंभीर स्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CSC) बिछुआ लाया गया था। बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल शिशुरोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल छिंदवाड़ा के लिए रैफर कर दिया था।
रेफरल के बावजूद घर ले गए परिजन
प्रेस नोट में बताया गया है कि, रैफर किए जाने के बावजूद, बच्ची के परिजन सुबह ले जाने की बात कहकर उसे अस्पताल से घर वापस ले गए। लगभग चार घंटे बाद, बच्ची को पुनः प्रातः 08:30 बजे CSC बिछुआ लाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दवाइयों पर उठे सवाल
परिजनों ने बताया कि बच्ची दो-तीन दिन से सर्दी-खांसी से पीड़ित थी। उन्होंने किसी भी डॉक्टर से सलाह लिए बिना, बिछुआ के प्रायवेट कुरेठे मेडिकल स्टोर से कासामृत-सीरप (बैच नं.- KMSL 2402, कंपनी-शिवायु) और कुछ अन्य दवाइयों की पुड़िया खरीदकर बच्ची को दी थी। परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि इन्हीं दवाइयों के सेवन से बच्ची की मौत हुई है।
जाँच टीम गठित, मेडिकल स्टोर पर कार्यवाही
मृतक बच्ची के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और बच्ची का पोस्टमॉर्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौरई में किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से घटना की गहन जाँच के लिए एक टीम का गठन किया है। इस टीम में जिला आयुष अधिकारी, औषधि निरीक्षक एवं खण्ड चिकित्सा अधिकारी बिछुआ शामिल हैं, जो पूरे प्रकरण की विस्तृत जाँच कर रहे हैं। प्रशासन ने विकासखंड के समस्त मेडिकल स्टोर का निरीक्षण शुरू कर दिया है और संबंधित कुरेठे मेडिकल स्टोर के विरुद्ध कार्यवाही प्रेषित कर दी गई है।
“हम इस दुखद घटना की गहन जाँच कर रहे हैं। परिजनों के आरोप के आधार पर संबंधित मेडिकल स्टोर के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी गई है और विकासखंड के सभी दवा भंडारों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवाएँ न बेची जाएँ।”
