जेएनयू की सेकंड ईयर स्टूडेंट के साथ कैब में रेप, केस दर्ज
नई दिल्ली
राजधानी के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जेएनयू की सेकंड ईयर की स्टूडेंट के साथ शुक्रवार रात कैब ड्राइवर द्वारा कथित रूप से रेप किए जाने का मामला सामने आया है। उसके साथ यह हादसा तब हुआ जब वह अपने दोस्त के घर से लौट रही थी।
21 साल की इस लड़की ने पुलिस को बताया कि उसने मंदिर मार्ग में कैब ली थी और कैब ड्राइवर रेप करने के बाद तीन घंटे तक कार घुमाता रहा। शिकायतकर्ता को दक्षिणी दिल्ली में एक पार्क के नजदीक अर्ध-बेहोशी की हालत में कुछ स्थानीय लोगों ने देखा जिन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उसके साथ यौन उत्पीड़न की पुष्टि की।
लड़की को अस्पताल से छुट्टी दिए जाने के बाद वह अपने हॉस्टल पहुंची और प्रशासन को घटना की जानकारी दी। उसे पुलिस के पास ले जाया गया जहां केस दर्ज किया गया।
उसने बताया कि कैब ड्राइवर ने उसे खाने के लिए कुछ दिया जिसके बाद वह बेहोश हो गई। इसके बाद ड्राइवर ने उसके साथ रेप किया। पीड़ित छात्रा द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश कर रही है। पीड़ित छात्रा पश्चिम यूपी की रहने वाली है और वह जेएनयू में विदेश भाषा की पढ़ाई कर रही है।