उदित राज ने इसरो वैज्ञानिकों का उड़ाया मजाक
नई दिल्ली
चंद्रयान को आखिरी वक्त पर मिली असफलता के बाद जहां पूरा देश निराश है और अंतरिक्ष एजेंसी इसरो के वैज्ञानिकों के साथ खड़ा है वहीं कांग्रेस नेता उदित राज ने उनपर तीखी टिप्पणी की है। उदित ने वैज्ञानिकों की धार्मिक आस्था पर सवाल खड़ा करते हुए उनकी आलोचना की जिसके बाद ट्विटर पर उन्हें काफी ट्रोल किया जा रहा है।
जब PM मोदी से गले मिल रो पड़े इसरो चीफ
लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी से कांग्रेस में शामिल हुए उत्तर-पश्चिम दिल्ली से पूर्व सांसद उदित राज ने ट्वीट किया, 'हमारे इसरो वैज्ञानिकों ने अगर नारियल फोड़ने और पूजा पाठ के विश्वास की जगह वैज्ञानिक शक्ति और आधार पर विश्वास किया होता तो अब तक मिली आंशिक असफलता का मुंह न देखना पड़ता।'
आपको बता दें कि इसरो द्वारा चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर को उतराने का अभियान शनिवार को अपनी तय योजना के मुताबिक पूरा नहीं हो सका। लैंडर का अंतिम समय में जमीनी स्टेशन से संपर्क टूट गया। हालांकि चंद्रयान-2 का ऑर्बिटर पूरी तरह सुरक्षित और सही है।
पीएम ने बढ़ाया हौसला, बोले- गर्व है
उधर, पीएम नरेंद्र मोदी ने चंद्रयान-2 के लिए इसरो के वैज्ञानिकों की दिल खोलकर तारीफ की। पीएम ने कहा कि चंद्रयान-2 मिशन में एक रुकावट जरूर आई है लेकिन चांद पर पहुंचने का हमारा सपना साकार होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि इसरो ने इस मिशन के लिए जिस तरह से मेहनत की, उसके लिए हमें इससे जुड़े सभी लोगों पर गर्व है।