NDMC की बैठक में हंगामा करने वाले AAP पार्षद 15 दिन के लिए निलंबित

नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम  की सदन की बैठक में सोमवार को जोरदार हंगामा हुआ। दिल्ली में डेंगू कम होने का श्रेय लेने की होड़ में सोमवार को भाजपा, कांग्रेस और आप पार्षद भिड़ गए। हंगामा करने पर आम आदमी पार्टी के सदन में मौजूद सभी पार्षदों को 15 दिन के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। हंगामा कर रहे आप सदस्यों को मार्शलों द्वारा सदन से बाहर निकाला गया।

आप पार्षदों के हंगामें के बाद भाजपा ने निंदा प्रस्ताव पारित किया। वहीं, महापौर अवतार सिंह ने प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया कि आप पार्षद डेंगू पर चर्चा से भाग रहे हैं। तीन दिन में डेंगू पर चर्चा के लिए सदन की विशेष बैठक होगी।

हंगामा होने पर सदन की कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। सदन फिर से शुरू होने पर आप पार्षद सदन में फिर से जोरदार हंगामा किया और मेज पर खड़े होकर नारेबाजी की। आप सदस्यों ने निगम कर्मचारियों से दस्तावेज भी छीन लिए औऱ उसे फाड़ दिया।

इससे पहले दिल्ली में डेंगू कम होने का श्रेय लेने पर आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के पार्षद भिड़ गए। सदन की बैठक में हंगामा कर रहे कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि अगर दिल्ली में डेंगू कम होने का श्रेय भाजपा और आप ले रही है तो मच्छरजनित बीमारियों से हुई मौतों की जिम्मेदारी भी ले। इस पर भाजपा और आप के पार्षदों ने कांग्रेस पर पलटवार किया। इस दौरान सदन में जोरदार हंगामा हुआ। जोरदार हंगामे की वजह से सदन की बैठक को दस मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *