6वें चरण के लिए आज से नामांकन, 4 सीटों पर भाजपा तय नहीं पाई उम्मीदवार; भोपाल पर देश की नजर

भोपाल
छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर चुनाव होने हैं। इस चरण के नामांकन की प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू होगी और 23 अप्रैल तक चलेगी। जबकि 12 मई को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में बिहार-8, हरियाणा-10, झारखंड-4, मध्य प्रदेश-8, उत्तर प्रदेश-14, पश्चिम बंगाल-8 और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली- सात सीटों पर वोट डाले जाएंगे। मध्यप्रदेश में भोपाल समेत कई हाई प्रोफाइल सीटों में इस चरण में वोटिंग होगी। मध्यप्रदेश में छठवें चरण के मतदान के लिए कांग्रेस ने सभी सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। वहीं, भाजपा ने अभी तक केवल चार सीटों पर ही अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं।

कांग्रेस ने 28 तो भाजपा ने 24 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार
मध्यप्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं। कांग्रेस अभी तक 28 उम्मीदवारों का नाम का एलान कर चुकी है। इंदौर लोकसभा सीट को लेकर कांग्रेस में मंथन चल रहा है। वहीं, भाजपा ने अब तक प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से 24 सीटों पर ही उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है। भाजपा ने अभी तक गुना, भोपाल, विदिशा, सागर और इंदौर सीट को लेकर उम्मीदवारों का एलान नहीं किया है। भाजपा अभी तक इन सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर मंथन कर रही है। इंदौर में सुमित्रा महाजन के चुनाव लड़ने से इंकार करने के बाद भाजपा अभी तक नहीं कर पाई है कि यहां से किसे उम्मीदवार बनाया जाए।

भाजपा के सामने क्या मुश्किलें

इस चरण के चुनाव में कांग्रेस ने भोपाल लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को उम्मीदवार बनाया है। दिग्विजय सिंह 16 साल बाद चुनाव मैदान में हैं। दिग्विजय सिंह के चुनाव मैदान में आने से भाजपा अभी तक यह तय नहीं कर पाई है कि दिग्विजय सिंह के खिलाफ किसे उतारा जाए। भोपाल लोकसभा सीट से पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान और उमा भारती के नाम की अटकलें हैं, लेकिन दोनों ने ही भोपाल से चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा जताई है। वहीं, गुना-शिवपुरी संसदीय सीट से कांग्रेस ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को उम्मीदवार बनाया है जिस कारण से भाजपा यहां भी मंथन कर रही है कि यहां से किसे उम्मीदवार बनाए।

इस सीट पर किनके बीच होगा मुकाबला

संसदीय सीट              भाजपा उम्मीदवार            कांग्रेस उम्मीदवार
मुरैना                        नरेन्द्र सिंह तोमर              रामनिवास रावत
भिंड                           संध्या राय                       देवाशीष जरारिया
ग्वालियर                  विवेक शेजवलकर               अशोक सिंह
गुना                         अभी तय नहीं                   ज्योतिरादित्य सिंधिया
सागर                      अभी तय नहीं                       प्रभु सिंह
विदिशा                     अभी तय नहीं                    शैलेंद्र पटेल
भोपाल                    अभी तय नहीं                    दिग्विजय सिंह
राजगढ़                   रोडमल नागर                    मोना सुस्तानी

मध्यप्रदेश में चार चरणों में वोटिंग
29 अप्रैल- सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा में मतदान
6 मई- टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा. होशंगाबाद, बैतूल में वोटिंग
12 मई- मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ में मतदान
19 मई- देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा में वोटिंग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *