1 लाख 60 हजार का इनामी जीतू सोनी गुजरात से गिरफ्तार
इंदौर
इंदौर क्राइम ब्रांच को आज बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर के एक लाख 60 हजार के इनामी मोस्ट वांटेड जीतू सोनी को पुलिस ने पकड़ लिया है। उस पर इंदौर शहर के विभिन्न थानों में 50 से ज्यादा प्रकरण दर्ज है। जिसमें से अधिकांश में वह पिछले 6 महीने से फरार चल रहा था। उसे गुजरात के अमरेली से गिरफ्तार किया है। दोपहर में उसे इंदौर लाया गया। इंदौर पुलिस ने दिसंबर में जीतू सोनी पर मानव तस्करी, दुष्कर्म, अपहरण, धोखाधड़ी और अवैध वसूली जैसे कई गंभीर मामले दर्ज किए थे। पुलिस की कार्रवाई होने से पहले जीतू सोनी फरार हो गया था। उसके फरार होने के बाद पुलिस ने उस वक्त भी उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन हर बार वह हाथ से निकल जाता था।
यह है मामला : पिछले साल दिसंबर में इन्दौर पुलिस को यह सूचना प्राप्त हुई थी की जीतू सोनी व अन्य के द्वारा इन्दौर शहर में बिना अनुमति माय होम डांस बार चलाया जा रहा है, लोगों के प्लॉटों पर अवैध कब्जा किया गया है, अड़ीबाजी आदि की भी शिकायते पुलिस को मिली थी। इन सभी शिकायतों के बाद शासन और प्रशासन की संयुक्त टीम ने गीता भवन चौराहे के पास माय होम होटल में छापा डाला। जिसमें माय होम होटल की तलाशी पर होटल से 67 लड़कियां बरामद की गई।
आईजी -डीआईजी के निर्देशन पर कार्रवाई
जीतू सोनी को पकड़ने को लेकर इस बार कोई चूक न हो इसलिए आईजी विवेक शर्मा, डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्रा ने क्राइम ब्रांच को सक्रिय किया। एएसपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडौतिया ने अपनी टीम सोनी की मुखबिरी के लिए लगाई। इसके बाद पता चला कि वह गुजरात में फरारी काट रहा है।
ऐसे धराया जीतू
जीतू सोनी को पकड़ने के लिए इंदौर क्राइम ब्रांच ने फिल्मी फार्मूला अपनाया। जिस फार्म हाउस पर जीतू छिपा था उससे जुड़े लोगों को पुलिस ने विश्वास में लेकर जीतू की धरपकड़ की है। इसका खुलासा आज इंदौर में शाम को पुलिस के बड़े अफसर करेंगे।