हार की तरफ बढ़ रहे कांग्रेस के 8 पूर्व मुख्यमंत्री

नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव के नतीजे कांग्रेस के लिए बेहद निराशाजनक साबित हुए हैं। इस बार पार्टी महज 50 सीटों पर ही आगे चल रही है। कांग्रेस पार्टी अपनी सत्ता वाले कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बुरी तरह परास्त हुई है। इसके साथ ही कांग्रेस के 8 पूर्व मुख्यमंत्री भी हार की तरफ बढ़ते दिख रहे हैं, जो इस बार आम चुनाव में किस्मत आजमा रहे थे।

सत्ता में वापस आने के इरादे के साथ चुनाव मैदान में उतरी कांग्रेस पार्टी ने शीला दीक्षित, दिग्विजय सिंह सहित अपने 8 पूर्व मुख्यमंत्रियों पर दांव लगाया था। चुनाव नतीजों में सभी पूर्व सीएम हार की तरफ बढ़ रहे हैं। आइए देखते हैं कि कौन हैं हार की तरफ बढ़ रहे कांग्रेस के पूर्व सीएम-

1- भूपिन्दर सिंह हुड्डा
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिन्दर सिंह हुड्डा इस बार सोनीपत की सीट से चुनाव मैदान में उतरे हैं। उनका सामना बीजेपी के रमेश चंद्र कौशिक से हो रहा है, जो बड़े अंतर से उनसे आगे चल रहे हैं।

2- शीला दीक्षित
लगातार 15 सालों तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित को कांग्रेस ने राजधानी की ही उत्तर पूर्व दिल्ली संसदीय सीट से उम्मीदवार बनाया था। यहां उनका मुकाबला सिटिंग सांसद बीजेपी के मनोज तिवारी से है, जो लगभग एक लाख के अंतर से जीत की तरफ बढ़ रहे हैं।

3- दिग्विजय सिंह
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह लंबे समय के बाद चुनाव मैदान में उतरे। पार्टी की तरफ से उन्हें भोपाल लोकसभा सीट से कैंडिडेट बनाया गया। वह बीजेपी की प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से चुनाव हार गए हैं।

4-हरीश रावत
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को कांग्रेस ने नैनीताल-उधमसिंहनगर संसदीय सीट से पार्टी प्रत्याशी बनाया। हालांकि वह लगभग 3 लाख वोट के अंतर से बीजेपी के अजय भट्ट से पीछे चल रहे हैं।

5- मुकुल संगमा
मेघालय के पूर्व सीएम मुकुल संगमा को कांग्रेस ने तुरा लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा था। वह नैशनल पीपल्स पार्टी (NPP) के कैंडिडेट अगाथा संगमा से काफी पीछे चल रहे हैं।

6- सुशील शिंदे
कांग्रेस के दिग्गज नेता तथा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील शिंदे इस बार सोलापुर (सुरक्षित) सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे। वह बीजेपी प्रत्याशी जय सिद्धेश्वर शिवाचार्य महास्वामीजी से पीछे चल रहे हैं।

7- नबाम टुकी
अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नबाम टुकी कांग्रेस के टिकट पर अरुणाचल वेस्ट की सीट से चुनाव मैदान में थे। वह यहां से बीजेपी कैंडिडेट किरण रिजिजू से हारते नजर आ रहे हैं।

8- अशोक चव्हाण
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण इस बार कांग्रेस के टिकट पर नांदेड़ सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि वह यहां पर बीजेपी प्रत्याशी प्रताप चिखलिकर से काफी वोट से पीछे चल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *