हार्स ट्रेडिंग के आरोप पर बोले राकेश सिंह- दिग्विजय सिंह पहले सोचें कि 100 करोड़ रुपए कितने होते हैं

जबलपुर

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा है कि प्रदेश की जनता मानती है कि ये सरकार ये सरकार टिकाऊ नहीं है। कांग्रेस अपने विधायकों को संभाल नहीं पा रही है। उनके विधायकों में बगावत के सुर दिखाई दे रहे हैं। इसलिए कांग्रेस भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। राकेश सिंह बुधवार को जबलपुर में मीडिया से बात कर रहे थे।

 राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने पहले दिन से सदन के अंदर संविधान और परंपराओं की धज्जियां उड़ाई हैं। चाहे वह वंदेमातरम का मामला हो, प्रोटेम स्पीकर का चुनाव हो। या अभी स्पीकर के चुनाव में लिया गया एकतरफा निर्णय हो। हर मामले में कांग्रेस ने संवैधानिक नियमों का दरकिनार किया है।

सदन के अंदर जब स्पीकर पद के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवार रूप में विजय शाह का नामांकन कराया, लेकिन कांग्रेस के प्रोटेम स्पीकर ने बगैर वोटिंग कराए, एनपी प्रजापति का नाम घोषित कर दिया। ये दुर्भाग्यपूर्ण है और शायद ऐसा देश में कहीं नहीं हुआ कि प्रोटेम स्पीकर ने एकपक्षीय फैसला ले लिया हो।

आरोप लगाने से पहले सोचें कि 100 करोड़ कितने होते हैं
दिग्विजय सिंह के विधायकों को खरीदने के आरोप पर राकेश सिंह ने कहा कि वह आरोप लगाने से पहले सोचें कि 100 करोड़ की राशि होती कितनी है। इस आरोप को मैं बिलकुल नहीं मानता हूं। पांच साल सरकार चलाने की बात पर उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस को तय करना है, लेकिन जिस तरह की परिस्थतियां हैं, उसे देखकर जनता मान चुकी है कि ये सरकार पांच साल नहीं चल पाएगी। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बीजेपी नेताओं पर कांग्रेस विधायकों को खरीदने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था भाजपा नेताओं द्वारा विधायकों को 100 -100  करोड़ के ऑफर दिए गए थे, मेरे पास उसके सबूत हैं।

 प्रदेश में अघोषित आपातकाल
सत्ता का नशा हमेशा कांग्रेस के सिर चढ़ कर बोलता है। आपातकाल इसी का परिणाम था। क्या मप्र कांग्रेस की विधानसभा को एक और अघोषित आपातकाल की ओर ले जाना चाहती है? मध्यप्रदेश की जनता और भाजपा कार्यकर्ता इस तानाशाही को कदापि स्वीकार नहीं करेंगे।

 नरोत्तम ने कहा, दिग्विजय चर्चा में बने रहने के लिए देते हैं बयान
पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह पर पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि दिग्विजय चर्चाओं में बने रहने के लिए इस तरह की बयानबाजी करते रहते है। वहीं, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी हमला बोलते हुए कहा है कि दिग्विजय सनसनी फैलाकर मीडिया में बने रहना चाहते हैं जबकि सरकार अहंकार में है। पूर्व मंत्री ने कहा कि दिग्विजय सिंह सुर्खियों में रहना चाहते हैं, इसलिए इस तरह के अर्नगल आरोप लगाते रहते हैं। मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने जिन विधायकों से मेरी मुलाकात की बात कही है, वे खुद इस बात का खंडन कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *