संबल के 20 करोड़ तत्काल वापस करे जन अभियान परिषद: श्रम मंत्री महेन्द्र सिंह

भोपाल
श्रम मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने जन अभियान परिषद से संबल के बीस करोड़ रुपये तत्काल वापस करने के लिये दिए निर्देश। मंत्री ने चेतावनी दी है कि राशि वापस नहीं की तो पूरा मामला एसटीएफ को देने के लिये लिखा जायेगा। 

उल्लेखनीय है कि महालेखाकार ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि संबल योजना की करीब 27 करोड़ की राशि जन अभियान परिषद को दी गई है इसमें 20 करोड़ के लेपटॉप खरीदे गये। यह राशि छह दिन के अन्दर खर्च कर दी गई। परिषद ने खर्च राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र नहीं दिया है।

श्रम मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने विभाग के प्रमुख सचिव से कहा है कि वे जन अभियान परिषद से तत्काल संबल का पैसा मांगे। परिषद राशि नहीं दे तो आगे की कार्रवाई की जाये। मंत्री सिसोदिया ने प्रदेश टुडे से कहा कि संबल की राशि का दुरुपयोग नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बड़ा घोटाला किया है।

संबल योजना की राशि के हुये कथित घोटाले में तत्कालीन एक विभागीय मंत्री और प्रमुख सचिव पर जांच की आंच है। ये प्रमुख सचिव बाद में अपर मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और मंत्री का विभाग बदल गया था। श्रम मंत्री ने कहा कि संबल के अन्तर्गत अंत्येष्टी के नाम पर भी गड़बड़ी होने की शिकायतें मिलीं हैं। इस पूरे मामले की भी जांच कराई जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *