विधानसभा 2019 : मिशन चंद्रयान-2 की कामयाबी में MP के दो युवा साइंटिस्टों की सदन में सराहना

भोपाल
विधानसभा में आज चंद्रयान के प्रक्षेपण में सहयोगी की भूमिका निभाने वाले मध्यप्रदेश के दो वैज्ञानिकों हिमांशु शुक्ला और मेघा भट्ट की सराहना की गई और सदन ने उनके काम से खुद को गौरवान्वित महसूस किया। विधायकों ने उनके सम्मान की बात भी इस मौके पर कही।

विधानसभा समवेत होने पर विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने इसरो से भेजे गए चंद्रयान-2 में बूस्टर बनाने की भूमिका निभाने वाले वैज्ञानिकों मंदसौर के हिमांशु शुक्ला और कटनी की मेघा भट्ट की सराहना करते हुए कहा कि पूरा सदन उन्हें बधाई देता है। दोनों वैज्ञानिकों ने प्रदेश को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि दोनों ही वैज्ञानिकों ने एमपी का नाम रोशन किया है।

आज मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उपलब्धियों में एमपी का नाम बढ़ा है। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि देश उनके काम से गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि जो फिल्मों और कविता कहानियों में देखते पढ़ते थे वह साकार हो रहा है। फिल्मी गीतों चंदा मामा से प्यारा मेरा मामा…. चलो दिलदार चलो, चांद के पार चलो, हम हैं तैयार चलो… की पंक्तियां गाते हुए भार्गव ने कहा कि आज हम सच में चांद पर और उसके पार जाने की स्थिति में हैं। देश का सम्मान लगातार बढ़ रहा है जबकि पड़ोसी देश पीछे जा रहे हैं। इस मौके पर मंत्री डॉ विजयलक्ष्मी साधो, विधायक यशपाल सिसोदिया, विश्वास सारंग, संजय पाठक, हरदीप डंग ने भी अपनी बातें कहीं।

सिसोदिया ने सदन में बुलाकर दोनों वैज्ञानिकों को सम्मानित करने के लिए कहा। विश्वास सारंग ने इसे जय जवान, जय किसान और जय अनुसंधान के पीएम नरेंद्र मोदी के नारे की जीत बताया। वहीं लक्ष्मण सिंह ने कहा कि इसके लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने ही इसरो की स्थापना की और आज हम यह उपलब्धि हासिल कर रहे हैं। अजय विश्नोई ने इसके लिए अटली जी, पंडित नेहरू व अन्य सभी नेताओं का योगदान बताया।

पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने इस मौके पर कहा कि पड़ोसी देश झंडे पर चांद बनाते हैं, हमने चांद पर झंडा फहरा दिया है। चांद का ये सफर आगे है, सूरज पर हमारी नजर है। इस पर मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा कि इनकी चांद पर नजर है और हम मंगल की सोच रहे हैं तो मिश्रा ने कहा कि हमारे नहीं गरीबों के मंगल की सोचें और उनके लिए काम करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *