विधानसभा चुनाव से कम मिल रहा अर्द्धसैनिक बल, नेताओं की चुनावी सभाओं में सुरक्षाकर्मियों की कमी
भोपाल
नेताओं की चुनावी सभाओं में इस बार सुरक्षाकर्मियों की कमी हो सकती है। विधानसभा चुनाव की तुलना में लोकसभा चुनाव में प्रदेश पुलिस को अर्द्धसैनिक बल की आधी कम्पनियां भी नहीं मिली है। दअरसल प्रदेश पुलिस को केंद्र से महज 1250 जवान मिले हैं। बुधवार को करीब साढ़े पांच सौ जवान और मिलने जा रहे हैं। करीब 1800 सौ जवानों से प्रदेश में नेताओं की सभाओं की एक महीने तक सुरक्षा करवाई जाएगी।
लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश में चुनावी सभाएं और तैयारियों को लेकर प्रदेश पुलिस को 60 से ज्यादा कम्पनियों की जरुरत थी। विधानसभा चुनाव में करीब 50 कम्पनियां चुनाव से पूर्व प्रदेश को दी गई थी। इधर लोकसभा चुनाव के लिए पुलिस मुख्यालय को अब तक सिर्फ 13 कम्पनियां ही मिली है। जबकि बुधवार को 6 और कम्पनियां प्रदेश पुलिस को मिल जाएगी। एक कम्पनी में 80 से 100 जवान होते हैं। यानि मतदान के पूर्व तक प्रदेश के पास महज 1800 के करीब का बल चुनावी सभाओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त होगा।
अप्रैल महीने में प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सहित कई दिग्गज नेताओं की सभाएं होना हैं। इन चार नेताओं की सभाओं में सुरक्षा का दायरा अन्य नेताओं की तुलना में बहुत ज्यादा होता है। ऐसे में पुलिस को इन नेताओं की सभाओं में अर्द्धसैनिक बलों की ज्यादा मदद नहीं मिल सकेगी।