राहुल के नेतृत्व पर कांग्रेस में उठेंगे सवाल?

नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव के नतीजे एक तरफ बीजेपी को नई ऊंचाई देने वाले हैं तो कांग्रेस 5 साल बाद भी वहीं खड़ी दिख रही है, जहां 2014 में थी। चुनाव आयोग की ओर से अब तक जारी किए गए रुझानों के मुताबिक देश की सबसे पुरानी पार्टी महज 52 सीटों पर ही आगे चिल रही है।

बीते आम चुनाव में कांग्रेस को महज 44 सीटें ही मिली थीं और नेता विपक्ष का पद भी नहीं मिल सका था। कांग्रेस के लिए एक फिर ऐसी ही स्थिति पैदा हो सकती है। बता दें कि लोकसभा में नेता विपक्ष का पद हासिल करने के लिए विपक्षी दल को न्यूनतम 10 फीसदी सीटों की जरूरत होती है।

 

कभी पूरे देश में एकछत्र राज करने वाली कांग्रेस का लगातार दो लोकसभा चुनावों में 50 के करीब सीटें लाना एक तरह से इतिहास के पलटने जैसा है। 1980 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को महज 2 सीटें ही मिली थीं, लेकिन 2014 में उसे 282 और अब रुझानों में 294 सीटें मिलती दिख रही हैं। ऐसे में कांग्रेस का राष्ट्रीय राजनीति में एक तरह से नेपथ्य में जाना विपक्ष के अस्तित्व का सिमटना है।

राहुल के नेतृत्व पर उठेंगे सवाल?
कांग्रेस में नेहरू-गांधी परिवार को पार्टी की धुरी माना जाता रहा है। लेकिन, अमेठी में राहुल गांधी रुझानों में पिछड़ रहे हैं और यदि यह नतीजों में तब्दील होते हैं तो कांग्रेस में उनकी लीडरशिप को लेकर भी सवाल उठेंगे। गुना से लड़ रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुंबई दक्षिण से कैंडिडेट मिलिंद देवड़ा, जोधपुर से वैभव गहलोत के पिछड़ने से राहुल की युवा टीम के लिहाज से भी बुरी खबर है। ऐसे में कांग्रेस में एक बार फिर से लीडरशिप को लेकर असंतोष के स्वर उभर सकते हैं।

यूपी में बेअसर रहा प्रियंका कार्ड
कांग्रेस ने इस चुनाव से ठीक पहले प्रियंका गांधी को महासचिव बनाया था और उन्हें पूर्वी यूपी का प्रभारी बनाया था। इसके अलावा पश्चिम यूपी की जिम्मेदारी ज्योदिरादित्य को दी गई थी। दोनों ही क्षेत्रों में कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी है। पार्टी को सूबे में महज रायबरेली की सीट मिलती दिख रही है। इस परंपरागत सीट से सोनिया गांधी आगे हैं। ऐसे में यह सवाल भी उठता है कि क्या कांग्रेस का प्रियंका कार्ड बेअसर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *