राशि के अनुसार इस तरह मनाएं गुडलक वाली होली

होली का त्योहार उत्साह, उमंग और रंगों का त्योहार होता है। लोग अपने गिले-शिकवे भूलकर एक-दूसरे के साथ इसको मनाते हैं। होली के दौरान प्रयोग किए जाने वाले रंगों का अपना एक अलग महत्व होता है। हर किसी को अलग-अलग तरह के रंग, गुलाल से खेलने में आनंद आता है लेकिन ज्योतिष शास्त्र में हर राशि के अनुसार अलग-अलग रंग से खेलने की महत्ता है। आज हम आपको बताएंगे कि गुडलक पाने के लिए किस राशि के जातक को कौन-कौन से रंगों का प्रयोग करना चाहिए।

मेष
मेष राशि वालों के लिए लाल और गुलाबी रंग सर्वोत्तम है। गुलाबी रंग ऊर्जा का संचार करने वाला माना जाता है। साथ ही यह आंखों को शीतलता भी प्रदान करता है। गुलाबी रंग के साथ होली का त्योहार मनाना मेष राशि के जातकों के लिए सर्वश्रेष्ठ हो सकता है। लाल रंग प्रेम का प्रतीक है साथ ही उत्साह,साहस और विजय के लिए शुभदायी है।

वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए सफेद और क्रीम रंग से होली खेलना शुभ हो सकता है।माना जाता है कि सफेद रंग अपने अंदर सभी रंगों का समावेश लिए होता है। यह सकारात्मकता का प्रतीक भी माना जाता है।

मिथुन
मिथुन राशि के लोगों के लिए हरा और पीले रंग शुभ होता है। हरे रंग को सौभाग्य और समृद्धि का प्रतीक माना गया है। हरे रंग से ताजगी और हरियाली भी मिलती है इसलिए इस रंग से खेलना मीन राशि के लाभकारी है। पीले रंग को खुशी, प्रेम, ऊर्जा और शगुन के लिहाज से उच्च माना जाता है।

कर्क
कर्क राशि के लोगों के जातकों के लिए भी होली के सफेद और क्रीम रंग का उपयोग बेहतर होगा। सफेद रंग दिमाग और मन दोनों को शुद्ध करने वाला माना जाता है। सफेद रंग को शांति का भी प्रतीक माना गया है, यह रंग शांत होने के कारण ही बेहतर और शुभ फल देने वाला होता है।

सिंह
सिंह राशि वालों के लिए पीला और केसरिया रंग से  होली खेलना शुभ हो सकता है। पीला रंग आरोग्य, शांति, ऐश्वर्य और बौद्धिक विकास को दर्शाने वाला माना गया है। हिंदू धर्म में पीले रंग शुभता का सूचक माना जाता है। हर शुभ काम में इस रंग का प्रयोग किया जाता है।

कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए हरे रंग से होली खेलना फलदायी माना जाता है। हरे रंग को उदासी दूर करने वाला माना जाता है। मान्यता है कि यह लोगों के चेहरे पर खुशी लेकर आता है साथ ही कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है। इसलिए हरे रंग से होली खेलना कन्या राशि वालों के लिए लाभदायक हो सकता है।

तुला
तुला राशि के लोगों के लिए सफेद और पीला रंग दोनों ही रंग शुभ होते हैं। पीला रंग समृद्धता तो वहीं सफेद शांति का परिचायक है इसलिए होली खेलने के दौरान इन रंगों के प्रयोग से तुला राशि के जातकों को लाभ मिल सकता है।

वृश्चिक
वृश्चिक राशि के लोगों के लिए लाल और गुलाबी रंग श्रेष्ठ है। यह दोनों रंग प्रेम और आपसी सौहार्द बढ़ाने वाले माने जाते हैं, इसलिए वृश्चिक राशि के जातक अपनी होली को यादगार बनाने के लिए इन दोनों रंगों का प्रयोग कर सकते हैं।

धनु
धनु राशि के लोगों के लिए लाल व पीला रंग सर्वोत्तम है। पीला रंग उमंग और खुशी के भाव उत्पन्न करने वाला माना जाता है। वहीं लाल रंग मंगलकारी रंग माना गया है, इसलिए धनु राशि के लोगों के लिए इन दोनों रंगों से होली खेलना शुभ हो सकता है।

मकर
मकर राशि के लोगों के लिए नीला और हरा रंग शुभ माना गया है। हरा रंग आध्यात्मिक उन्नति, सुख और शांति का वातावरण बनाता है तो वहीं नीला रंग यह रंग धर्म और धैर्य का रंग माना गया है। मकर राशि के लोगों के लिए होली में इन दोनों रंगों से सरोबार होना लाभदायी है।

कुंभ
कुंभ राशि के लोगों के लिए नीला रंग शुभ होता है। नीला रंग आकाश और विशाल सागरों का रंग होता है। यह वृद्धि का भी सूचक होने के साथ पवित्रता, शांति, न्‍याय, ईमानदारी का प्रतीक भी कहा जाता है।

मीन
मीन राशि वालों को हर संभव पीले और लाल रंग से ही होली खेलना चाहिए। पीला रंग धन, भौतिक सुख और समृद्धि से प्रत्यक्ष जुड़ा हुआ माना जाता है। इसलिए मीन राशि वालों के लिए इन दोनों रंगों के साथ होली खेलना शुभ रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *