मोदी की तर्ज पर प्रियंका गांधी करेंगी ‘बोट पे चर्चा’

प्रयागराज
कांग्रेस महासचिव और पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा आज से यूपी के प्रयागराज से गंगा यात्रा के जरिए अपने चुनावी मिशन का आगाज करेंगी। प्रियंका यहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गढ़ वाराणसी जाएंगी। अपनी पहली चुनावी यात्रा में बीजेपी को घेरने के लिए वह पीएम मोदी के 'चाय पे चर्चा' की तर्ज पर 'बोट पे चर्चा' का आगाज करेंगी। इसके जरिए वह प्रयागराज के छात्रों के शिष्टमंडल से बात करेंगी। प्रयागराज से वाराणसी तक चुनाव यात्रा को 'सांची बात, प्रियंका के साथ' नाम दिया है। प्रियंका रविवार शाम को ही प्रयागराज पहुंच गईं जहां उन्होंने नेहरू-गांधी परिवार के पैतृक आवास आनंद भवन का दौरा किया।

प्रियंका के तय कार्यक्रम के अनुसार, 18 मार्च को वह सुबह साढ़े नौ बजे मनैया पहुंचेगी। इसके बाद वह नाव की सवारी करते हुए यात्रा की शुरुआत करेंगी। वह मनैया से सीतामढ़ी तक स्टीमर से यात्रा करेंगी और फिर सीतामढ़ी में ही रात्रि विश्राम करेंगी। संगम के पास छतनाग की बजाय अब प्रियंका मनैया से स्पेशल स्टीमर की सवारी कर यात्रा करेंगी। मनैया निषादों द्वारा बसाया गया गांव है, जो संगम से 10 किमी दूर है।

यूनिवर्सिटी के छात्रों संग 'बोट पे चर्चा'
मनैया से यात्रा शुरू करने से पहले प्रियंका इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के छात्रों के एक समूह से बात करेंगी। यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ के उपाध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया, 'मैंने उन्हें यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में आमंत्रित किया था लेकिन उनके बिजी शेड्यूल की वजह से अब 15 छात्रों का समूह उनसे नाव पर बातचीत करेगा।'

शहीद के परिवार से करेंगी मुलाकात
मनैया से यात्रा शुरू करके प्रियंका दमदमा की ओर जाएंगी। यह गांव गंगा के बांये तट पर स्थित है। वह यहां घाट पर गांव के लोगों से मुलाकात करेंगी। 12 बजे के करीब वह सिरसा गांव के तट पर पहुंचकर गांव का दौरा करेंगी। यहां वह पुलवामा हमले में शहीद महेश कुमार के परिवार से भी मुलाकात करेंगी। इसके बाद प्रियंका अपनी यात्रा की शुरुआत करके हंडिया के लक्षागृह पहुंचेंगी जहां वह स्थानीय लोगों को संबोधित करेंगी।

गंगा की बदहाली पर पीएम मोदी को घेरेंगी
पौराणिक कथाओं के अनुसार, दुर्योधन ने कुंती और उनके पुत्रों को मारने की कोशिश की थी। यहां से वह मांडा की ओर जाएंगी और दो बजे वहां पहुंचकर वह स्थानीय लोगों से बातचीत के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। इसके बाद वह सीतामढ़ी जाएंगी, यह जगह सीता से जुड़ी बताई जाती है। प्रियंका इसी जगह पर रात में विश्राम करेंगी। बता दें कि 3 दिन के दौरे पर प्रियंका प्रयागराज से मिर्जापुर, जौनपुर होते हुए वाराणसी जाएंगी। 20 मार्च को प्रियंका वाराणसी में होंगी। इस दौरान वह गंगा की बदहाली पर पीएम मोदी को घेरेंगी।

दादी ने कहा था- निडर बनो, सब अच्छा होगा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रविवार देर शाम को लखनऊ से प्रयागराज पहुंचीं। यहां उन्होंने नेहरू परिवार के पैतृक आवास आनंद भवन का दौरा किया। प्रियंका ने इस दौरे की तस्वीर अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री और उनकी दादी इंदिरा गांधी के कमरे की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, 'स्वराज भवन के आँगन में बैठे हुए वह कमरा दिख रहा है जहां मेरी दादी का जन्म हुआ। रात को सुलाते हुए दादी मुझे जोन ऑफ आर्क की कहानी सुनाया करती थीं। आज भी उनके शब्द दिल में गूंजते हैं। कहती थीं- निडर बनो और सब अच्छा होगा।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *