मुंबई पुलिस को मिले बेल्जियन मेलोनॉइज ब्रीड के 5 नए ‘सिपाही’

 
मुंबई 

मुंबई पुलिस को गुरुवार 5 नए सिपाही मिले हैं। अभी ये सिपाही थोड़े शरारती और उद्दंड हैं लेकिन मुंबई पुलिस को उम्मीद है कि ये ठीक तरह से प्रशिक्षित होने के बाद उनकी काफी मदद कर सकते हैं। ये सिपाही ड्रग्स और विस्फोटकों को सूंघकर उनका पता लगा सकते हैं और बड़ी दुर्घटना होने से रोकने में पुलिस की मदद कर सकते हैं। यहां हम बात कर रहे हैं मुंबई पुलिस में शामिल किए गए 5 बेल्जियन मेलोनॉइज ब्रीड के पुलिस डॉग्स की। 

लंबे वक्त तक काम करने में माहिर हैं ये डॉग्स 
15 दिन की उम्र वाले 5 पिल्लों को गुरुवार को मुंबई पुलिस में शामिल किया गया है। इन्हें दक्षिणी मुंबई के पुलिस डॉग स्क्वॉड कैनल में रखा जाएगा। इससे पहले पुलिस डॉग्स महिला पुलिस की एक स्क्वॉड के पास रहेंगे। इन पुलिस डॉग्स के बारे में बताते हुए पुलिस कमिश्नर सुबोध जायसवाल ने बताया कि यह कुत्ते काफी एनर्जेटिक और मेहनती हैं और इनसे लंबे वक्त तक काम लिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से पुलिस विभाग को ऐसे पुलिस डॉग्स की जरूरत थी। अभी तक मुंबई पुलिस के पास लेब्राडोर और डोबेरमान नस्ल के पुलिस डॉग्स मौजूद थे। 

सुरक्षा के लिए सबसे मुफीद होते हैं बेल्जियन मेलोनॉइज 
बेल्जियन मेलोनॉइज सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किए जाने के लिए सबसे मुफीद होते हैं। इनमें किसी भी चीज को सूंघने का जबर्दस्त सेंस होता है। इस ब्रीड के कुत्ते काफी होशियार और मेहनती माने जाते हैं। भारत में एनएसजी और आर्म्ड फोर्सेज की के-9 स्क्वॉड में इन्ही कुत्तों को रखा जाता है। पुलिस सब-इंस्पेक्टर और डॉग स्क्वॉड के इंचार्ज विनोद बल्लाल ने बताया कि पुलिस बल में शामिल किए गए इन पांच कुत्तों को 18 महीने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद इनके सूंघने की क्षमता, शांत बर्ताव और तेजी से दौड़ने की क्षमता के आधार पर इन्हें एक्सप्लोसिव डिटेक्शन या अन्य किसी टास्क में इस्तेमाल किया जाएगा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हर बेल्जियन मेलोनॉइज की औसत कीमत 75 हजार रुपये के आस-पास है। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *