मुंबई की सभी छह सीटों पर बीजेपी-शिवसेना आगे, उर्मिला-निरूपम भी पिछड़े

मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी में भी भगवा का परचम लहरा रहा है। महाराष्ट्र की 48 सीटों में से 43 पर बीजेपी-शिवसेना आगे चल रही है तो मुंबई की छह की छह सीटें एनडीए के खाते में जाती दिख रही हैं। कांग्रेस-एनसीपी उम्मीदवार सभी सीटों पर बीजेपी-शिवसेना के प्रत्याशियों से काफी पिछड़ चुके हैं। आइए डालते हैं सभी छह सीटों पर नजर…

मुंबई नॉर्थ सीट
मुंबई नॉर्थ सीट से बीजेपी के गोपाल शेट्टी ने बड़ी बढ़त बना ली है। बॉलिवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर दूसरे नंबर पर हैं। 1 लाख 26 हजार वोटों की हुई गिनती में करीब 91 हजार गोपाल शेट्टी के खाते में जा चुके हैं, जबकि उर्मिला को 30 हजार वोट मिले हैं।

मुंबई नॉर्थ सेंट्रल
मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से भी एनडीए आगे है। बीजेपी उम्मीदवार पूनम महाजन कांग्रेस की प्रिया दत्त से बहुत आगे निकल चुकी हैं। पूनम को 1 लाख 10 हजार वोटों में से 56 फीसदी वोट मिलते दिख रहे हैं।

मुंबई नॉर्थ ईस्ट
मुंबई नॉर्थ ईस्ट सीट से बीजेपी के मनोज कोटक एनसीपी उम्मीदवार संजय दिना से बहुत आगे चल रहे हैं और अब तक के रुझानों से लग रहा है कि वह आसानी से जीत हासिल कर लेंगे।

मुंबई नॉर्थ वेस्ट सीट
मुंबई नॉर्थ वेस्ट सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता संजय निरूपम पीछे चल रहे हैं। शिवसेना के गजानन किर्तिकर उन पर बढ़त बनाए हुए हैं। चुनाव से ठीक पहले मुंबई में पार्टी की कमान संजय निरूपम से लेकर देवड़ा को दे दिया गया था।

मुंबई साउथ सेंट्रल सीट
मुंबई साउथ सेंट्रल सीट पर भी यूपीए गठबंधन पिछड़ गई है। शिवसेना के राहुल रमेश शेवाले कांग्रेस के एकनाथ एम गायकवाड़ से बहुत आगे चल रहे हैं।

मुंबई साउथ सीट
मुंबई साउथ सीट से शिवसेना के अरविंद गनपत सावंत कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा से काफी आगे चल रहे हैं। सुबह करीब 10: 45 तक एक लाख वोटों की गिनती हो चुकी है, जिसें से सावंत को 60 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं तो देवड़ा 35 हजार वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *