मरीजों को समय पर मिले इलाज
भोपाल
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने विदिशा जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री श्री सिलावट ने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर चिकित्सालय से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी ली।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि मरीजों को अनावश्यक भोपाल रेफर नहीं किया जाये। बच्चों का समय पर टीकाकरण किया जाना सुनिश्चित किया जाये। चिकित्सालय में बेड के चादर रोजाना बदले जाये और साफ-सफाई व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान दिया जाये। स्वास्थ्य मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि जिला चिकित्सालय में अधिकांश सामान्य और गरीब वर्ग के मरीज आते हैं। वह इसी उम्मीद से आते हैं कि समय पर इलाज मिले। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि मरीजों के प्रति संवेदनशील रहें और उनसे मधुर भाषा में चर्चा करें। मरीजों को दी जाने वाली सभी दवाइयों की उपलब्धता को सुनिश्चित किया जाये।
स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सालय में रिक्त चिकित्सकों एवं अन्य पदों की शीघ्र पूर्ति कराए जाने को कहा। उन्होंने बताया कि पीएससी से चिकित्सकों की भर्ती की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर संविदा से भी चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की पूर्ति की जायेगी।