मध्यप्रदेश में आईएएस अधिकारियों के तबादले

भोपाल
मध्यप्रदेश सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों की नयी पदस्थापना एवं तबादला आदेश आज जारी किए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड के अध्यक्ष पी सी मीना को सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव के तौर पर स्थानांतरित किया गया है। राज्य मंत्रालय में प्रमुख सचिव अशोक शाह को इसी पद पर श्रम विभाग में भेजा गया है। राज्य मंत्रालय में सचिव शोभित जैन को मानव अधिकार आयोग में सचिव और एक अन्य सचिव जे के जैन को राजस्व मंडल ग्वालियर में सदस्य बनाया गया है। राज्य शासन में उप सचिव दीपक सिंह को स्मार्ट सिटी परियोजना भोपाल का मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव उमाशंकर भार्गव को रायसेन कलेक्टर पदस्थ किया गया है।मानव अधिकार आयोग के सचिव निशांत बरबडे को चिकित्सा शिक्षा आयुक्त पद की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। प्रशिक्षण एवं अवकाश से लौटने पर ज्ञानेश्वर बी पाटिल को राजस्व विभाग में सचिव पदस्थ किया गया है।

राज्य मंत्रालय में अपर सचिव सुदाम पंढरीनाथ खाडे को मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम में महाप्रबंधक (कार्मिक) की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। जनसंपर्क विभाग के सचिव एवं जनसंपर्क आयुक्त पी नरहरि को नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अपर आयुक्त (राजस्व) भोपाल राजेश जैन को पाठ्य पुस्तक निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है। कौशल विकास मध्यप्रदेश के संचालक संजीव सिंह को आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी भोपाल में संचालक और पाठ्य पुस्तक निगम भोपाल के प्रबंध संचालक अनिल सुचारी को माध्यमिक शिक्षा मंडल का सचिव पदस्थ किया गया है। अवकाश से लौटने पर वी किरण गोपाल को मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर का प्रबंध संचालक और मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर के प्रबंध संचालक नंदकुमारम को राज्य इलेक्ट्रानिक विकास निगम भोपाल में प्रबंध संचालक बनाया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *