मधुमेह, हृदय रोगों के साथ त्वचा और बालों के लिए भी वरदान है लहसुन

लहसुन सिर्फ आपके खाने के स्वाद को ही कई गुना बेहतर नहीं बनाता, यह आपकी खूबसूरती का साथी भी साबित हो सकता है। कैसे लहसुन से निखारें खूबसूरती, बता रही हैं रश्मि उपाध्याय

गभग हर भारतीय रसोई में मौजूद लहसुन एक ऐसी चीज है, जिसका लाभ किसी औषधि से कम नहीं है। कुछ लोग लहसुन की तीखी महक के कारण इसका इस्तेमाल नहीं करते हैं, जबकि लहसुन ढेर सारे गुणों से भरपूर होता है। आयुर्वेद में तो लहसुन के हजारों उपयोग बताये गए हैं। कई एंटीऑक्सीडेंट्स और पोषक तत्वों से भरपूर लहसुन न सिर्फ हमें मधुमेह, हृदय रोगों, पेट के संक्रमण और मौसमी बीमारियों से बचाता है, बल्कि यह हमारी त्वचा और बालों को भी सेहतमंद रखता है। हर किसी की ख्वाहिश होती है कि उसकी त्वचा निखरी हुई हो और बाल घने और मजबूत हों। पर आज के समय में प्रदूषण और खराब जीवनशैली के चलते त्वचा और बालों की सेहत का बिगड़ना भी आम  हो गया है। लहसुन को अपने ब्यूटी रुटीन का हिस्सा बनाकर आप त्वचा और बालों से जुड़ी अपनी आम परेशानियों से छुटकारा पा सकती हैं।

त्वचा में खाज-खुजली, जलन और लाल रैशेज होना आदि कुछ ऐसी समस्याएं हैं, जो लोगों को आए दिन परेशान करती हैं। अगर आप इन समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए दवा का उपयोग नहीं करना चाहती हैं तो लहसुन का प्रयोग कर सकती हैं। त्वचा में जहां भी आपको ऐसी समस्या हो रही है, वहां पर लहसुन की एक कली का पेस्ट बनाकर लगा लें। इसके अलावा लहसुन के पेस्ट को दूध या मलाई में मिलाकर लगाने से भी त्वचा की हर तरह की समस्या से छुटकारा मिलता है।

पिंपल्स से अगर आपको तुरंत छुटकारा चाहिए तो शायद लहसुन से बेहतर कुछ नहीं है। इसके लिए आप सफेद सिरके में लहसुन का पेस्ट डालककर उसे अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अब इसे एक्ने पर लगाएं और 10 मिनट के बाद धो दें। इससे आपको काफी लाभ होगा। इसके अलावा एक कच्चे लहसुन की कली चबाएं और एक गिलास ठंडा पानी पी लें। इससे भी आपको काफी जल्दी आराम मिलेगा।

अगर आप एंटी र्एंजग और झुर्रियां से बचने के लिए महंगी-महंगी दवा व क्रीम लेकर थक गई हैं तो एक बार लहसुन को आजमा कर देखें। लहसुन में भारी मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स पाये जाते हैं, जो कि झुर्रियों से लड़ने में मददगार होते हैं। सुबह खाली पेट गुनगुने पानी के साथ लहसुन की एक कच्ची कली नियमित रूप से खाकर भी बढ़ती उम्र में त्वचा को जवां रखा जा सकता है। इसके अलावा लहसुन के पेस्ट को किसी भी फल के रस या गुलाब जल में मिलाकर त्वचा पर लगाने से भी झुर्रियां दूर होती हैं।

लड़कियां ही नहीं, बल्कि लड़कों को भी ब्लैकहेड और वाइटहेड की समस्या होती है। लड़कियों में इस समस्या के बारे में ज्यादा पता इसलिए चलता है, क्योंकि जब वे मेकअप करती हैं तो ब्लैकहेड नाक पर उभरा हुआ नजर आता है। अगर आप सप्ताह में दो बार अपने स्क्रब में लहसुन का पेस्ट या फिर उसका रस मिलाकर स्क्रब करेंगी तो आपकी यह समस्या दूर हो जाएगी। इसके अलावा संतरे के छिलके के पाउडर में लहसुन का पेस्ट मिलाकर लगाने से भी ब्लैकहेड और वाइटहेड दूर होते हैं।

लहराते रहेंगे बाल
बालों का असमय सफेद होना आज के समय की सबसे बड़ी समस्या है। इससे बचने के लिए लहसुन के पेस्ट को जैतून के तेल में मिलाकर गर्म कर लें और जब तक धुआं न निकले, गैस बंद न करें। अब इस पेस्ट को ठंडा कर अपने बालों की जड़ों पर लगाएं। सफेद बालों की समस्या दूर हो जाएगी।

कुछ लोगों के बाल इतने कमजोर होते हैं कि हाथ लगाते ही निकल जाते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए एक कटोरी में लहसुन का रस डालें और पानी की कुछ बूंदे  मिलाकर पतला पेस्ट बना लें। अब हल्के हाथों से इस पेस्ट को बालों की जड़ों में लगाएं। एक से दो घंटे बाद ठंडे पानी से बाल धो लें। अगर बालों से लहसुन की महक आए तो बालों में नारियल तेल लगा लें।

रूसी और दोमुंहे बालों की समस्या को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। कुछ लोगों में रूसी की समस्या इतनी भयंकर होती है कि खुजली करते वक्त उनके सिर से खून तक निकल आता है। इससे बचने के लिए आप शुद्ध सरसों के तेल में लहसुन का पेस्ट मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इस मिश्रण से रात के वक्त बालों की मालिश करें और अगले दिन बाल धो दें। रूसी की समस्या दूर हो जाएगी।

अगर आपके बाल तेजी से गिर रहे हैं तो लहसुन आपके लिए वरदान साबित हो सकता है। आजकल तनाव और खराब डाइट के चलते गंजेपन की समस्या बढ़ रही है। गंजापन दूर करने के लिए 4 चम्मच लहसुन के रस में करीब 4 चम्मच पानी मिलाकर पेस्ट तैयार करें। एक दिन में दो से तीन बार इस पेस्ट को गंजेपन वाली जगह पर लगाएं। 3 से 4 महीने तक ऐसा करने से आपका गंजापन काफी हद तक दूर हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *