बुलंदशहर हिंसा का मुख्य आरोपी योगेश राज गिरफ्तार

बुलंदशहर 
यूपी के बुलंदशहर हिंसा के मुख्य आरोपी योगेश राज को आखिरकार पुलिस ने ठीक 31 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि बजरंग दल का जिला संयोजक योगेश राज घटना वाले दिन से ही फरार था। योगेश की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी। योगेश पर हिंसा भड़काने का आरोप था।  
योगेश को बीती रात खुर्जा के पास किसी जगह से गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले योगेश राज की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर यूपी पुलिस पर सवाल उठ रहे थे। यह भी कहा जा रहा था कि पुलिस योगेश राज को क्लीन चिट देने की तैयारी कर रही थी। इससे पहले पुलिस ने इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह के हत्या के मामले में प्रशांत नट और कलुआ को गिरफ्तार किया था लेकिन पुलिस द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोपी नंबर एक योगेश राज था। 

योगेश के अलावा बीजेवाईएम का पूर्व स्याना नगर अध्यक्ष शिखर अग्रवाल भी मामले में आरोपी है जिसे कोर्ट से 30 दिन की सुरक्षा मिली हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रटेक्शन पूरी होते ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों ने हिंसा के बाद विडियो के जरिए खुद को बेगुनाह बताया था। उनकी विडियो क्लिप काफी सर्क्युलेट हुई थी। बताया जा रहा है एसएसपी दोपहर तक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके खुलासा कर सकते हैं। पुलिस अब तक बुलंदशहर हिंसा के 31 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। 

बता दें कि 3 दिसंबर को बुलंदशहर में कथित गोकशी को लेकर हिंसा भड़की थी जिसमें इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह समेत 2 लोगों की मौत हो गई थी। योगेश राज पहले एक प्राइवेट नौकरी करता था। 2016 में योगेश बजरंग दल का जिला संयोजक बना। उसके बाद नौकरी छोड़कर पूरी तरह संगठन के लिए काम करने लगा। योगेश राज के घर की दीवार पर अखंड भारत का नक्शा भी है। इसमें जिक्र है कि भारत कब-कब बंटा है। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *