बनवारीलाल शर्मा चुनाव प्रचार में कहते थे- यह मेरा आखिरी चुनाव है

मुरैना
मुरैना जिले के जौरा से कांग्रेस विधायक बनवारीलाल शर्मा का शनिवार को भोपाल में निधन हो गया। शर्मा विधानसभा चुनाव के समय से ही कैंसर से पीड़ित थे। मुंबई के अलावा भोपाल में उनका इलाज चल रहा था। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार भोपाल में शनिवार तड़के करीब चार बजे उनका ब्लड प्रेशर कम होने लगा और उन्हें अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। विधायक शर्मा विधानसभा चुनाव 2018 से पहले भी दो बार चुनाव हार गए थे, इसलिए इस बार चुनाव प्रचार में उन्होंने क्षेत्र के लोगों से कहा था कि इस बार चुनाव जिता दो, यह मेरा आखिरी चुनाव है। जौरा क्षेत्र के लोगों ने शर्मा को जिता भी दिया। क्षेत्र के लोगों को यह नहीं पता था कि शर्मा इस तरह से उन्हें छोड़कर चले जाएंगे और सही में उनका यह अंतिम चुनाव होगा।

सरपंच पद से राजनीतिक सफर शुरू करने वालजे बनवारीलाल जापथाप 1993 में जौरा विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े, लेकिन हार गए। 2013 में भी जौरा विधानसभा से ताल ठोकी, फिर हार गए। 2018 के चुनाव में उन्होंने भाजपा के सूबेदार सिंह रजौधा को हरा दिया।

विधायक बनवारी लाल शर्मा को चुनाव प्रचार के दौरान एक दांत में परेशानी हुई थी। शर्मा से जुड़े लोगों ने बताया कि प्रचार में व्यस्त होने की वजह से वे डॉक्टर के पास नहीं जा पाए, इसलिए इंफेक्शन बढ़ता गया और कैंसर में बदल गया। 30 नवंबर को उनकी नातिन की शादी थी। उसमें सीएम कमलनाथ व पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल हुए थे। इसके बाद से ही वे भोपाल में थे।

विधायक शर्मा की पार्थिव देह शनिवार सुबह भोपाल से मुरैना लाई गई। मुरैना जिला मुख्यालय पर पार्थिव देह शाम करीब पांच बजे पहुंची। इसके बाद शव को जौरा के कांग्रेस कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। उनकी अंत्येष्टि रविवार सुबह 11 बजे उनके पैतृक गांव जापथाप में होगी। सीएम कमलनाथ व पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित प्रदेश के कई नेता इसमें शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *