पारा 40 के पार, गर्मी से रहें बचकर
दिल्ली में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है और गर्मी ने 49 सालों का रेकॉर्ड भी तोड़ दिया है। ऐसे में चिलचिलाती धूप के अलावा सबसे बड़ी समस्या होती है हीट स्ट्रोक यानी लू लगने की। जैसे ही तापमान बढ़ता है, लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। हीट स्ट्रोक में शरीर में पानी की कमी हो जाती है और बेहोशी आने लगती है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए आपको ये सब बातें ध्यान रखनी चाहिए:
लू लगने की मुख्य वजह डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी होती है। इसलिए हम आपको कुछ घरेलू नुस्खे बता रहे हैं जिनकी मदद से आप लू लगने से बच सकते हैं…
– आयुर्वेद में बताया गया है कि लू लगने से बचाने में प्याज का जूस काफी मददगार है। इसे कान, छाती और पैरों पर अच्छी तरह से लगा लें। आप चाहे तो रोजाना एक चम्मच प्याज का जूस थोड़े से शहद के साथ मिलाकर भी पी सकते हैं।
– मूंग दाल को हीट स्ट्रोक के लिए बेहद कारगर माना जाता है। आप इन्हें 1 या दो कप पानी में उबाल लें और जब पानी आधा रह जाए तो गैस बंद कर दें। इसके बाद वह पानी पी लें। गर्मी के दिनों में रोजाना इस ड्रिंक को पिएं।
– हीट स्ट्रोक या लू लगने से बचाने में इमली भी फायदेमंद है। जैसे ही आपको हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखें इमली का जूस पी लें। इमली का जूस बनाने के लिए इमली के कुछ टुकड़े एक-दो ग्लास पानी में उबाल लें। उसमें थोड़ी सी चीनी या फिर शहद डालें और हल्का सा नींबू। अब इसे पी लें।
– छाछ और लस्सी रोजाना पिएंगे तो खुद को हीट स्ट्रोक या लू लगने से बचा पाएंगे।
– लू से बच्चों का खास ख्याल रखें। बच्चों को पानी के साथ-साथ ग्लूकोज, जूस, छाछ और नारियल पानी जैसी चीजें भरपूर मात्रा में दें। आम पना और गन्ने का रस भी लू लगने से बचाता है।