पाकिस्तानी युवक ने घर में पाला शेर, महीने में खर्च करता इतने रुपए
अब तक आपने लोगों को घर में कुत्ते और बिल्ली के बहुत से जानवर पालते हुए देखा होगा। लेकिन आपने किसी को अपने जंगल के राजा यानी शेर को घर में रखते हुए सुना है। जी हां, ये सच है। पाकिस्तान में 33 साल के जुल्कैफ चौधरी नाम के शख्स ने अपने घर में शेर को पाल रखा है। जुल्कैफ चौधरी अपने पालतू शेर के साथ एक ही बिस्तर पर सोते हैं।
सिर्फ वही नहीं उनका बेटा और उनके परिवावालों को भी शेर से बहुत लगाव है। वो शेर के साथ खेलते है, उसे लेकर सुबह की सैर पर जाते हैं। इस शेर का नाम ‘बब्बर’ रखा गया है।
जुल्कैफ अपने शेर के गले में कभी बेल्ट नहीं डालते और उसे बांधते भी नहीं। पूरा दिन बब्बर घर में खुला घूमता रहता है और उनके दो साल के बेटे के साथ खेलता है।
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक इस शेर को उन्होंने तीन लाख रुपए में खरीदा था। इसे पालने में हर महीने 2 लाख रुपए खर्च होते हैं।
जुल्कैफ चौधरी मुल्तान में एक रेस्टोरेंट चलाते हैं इसलिए शेर पर हर महीने 2 लाख रुपए खर्च करना उनके लिए मुश्किल नहीं है।
शेर को जब खरीदा गया था तब उसकी उम्र 2 महीने थी। अब वो 6 महीने का हो चुका है। जुल्कैफ चौधरी के अनुसार अब तक उन्हें या उनके परिवार को शेर से कोई खतरा नहीं हुआ है।
जुल्कैफ चौधरी का कहना है कि उन्होंने शेर को घर में रखने के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ले रखी है। उनका कहना है कि वो हमेशा शेर को पालतू बनाकर ही रखेंगे।