नेपाल के शेरपा का नया कारनामा, हफ्ते में दूसरी बार किया एवरेस्ट फतह

काठमांडू
1, 2, 3 या 4 बार नहीं, बल्कि नेपाल के एक शेरपा ने 24वीं बार एवरेस्ट फतह कर लिया है। पिछले हफ्ते 23वीं बार एवरेस्ट की चढ़ाई कर अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने वाले कामी रिता शेरपा मंगलवार को एक बार फिर एवरेस्ट के शिखर पर पहुंच गए। मंगलवार को नेपाली शेरपा ने माउंट एवरेस्ट पर 24वीं बार चढ़ाई करने का रेकॉर्ड बना दिया। शेरपा ने एक हफ्ते में दूसरी बार माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई की है। उन्होंने रिटायर होने से पहले 24वीं बार एवरेस्ट को फतह किया है।

टूरिज्म डिपार्टमेंट के अधिकारी मीरा आचार्य ने कहा कि कामी रिता शेरपा 49 वर्ष के हैं और उन्होंने ट्रडिशनल साउथईस्ट रिज रूट के जरिए 8,850 मीटर (29,035 फीट) एवरेस्ट पर चढ़ाई की। वह मंगलवार को अन्य शेरपाओं के साथ 8,850 मीटर उंचे शिखर पर पहुंचे। बता दें कि इस रूट के जरिए सबसे पहले न्यू जीलैंड के सर एडमंड हिलैरी और शेरपा तेनजिंग नॉर्गे ने 1953 में चढ़ाई की थी। विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचने के लिए यह सबसे पॉप्युलर स्नो ट्रेल है।

इसके अलावा दो और शेरपा ने भी 21वीं बार एवरेस्ट की चढ़ाई की। इन दोनों ने भी अब पर्वतारोहण से संन्यास ले लिया है। 24वीं बार चढ़ाई करने वाली कामी का कहना है कि वह एक और बार एवरेस्ट पर चढ़ना चाहते हैं। रॉयटर्स के साथ बातचीत में कामी ने कहा, 'मैं अभी भी मजबूत हूं और 25वीं बार सागरमाथा चढ़ना चाहता हूं।' वह सोलुखुम्बु जिले के थामे गांव के रहने वाले हैं

नेपाल के एक अन्य प्रतिष्ठित अखबार 'माई रिपब्लिका' की रिपोर्ट के अनुसार, शेरपा ने 1994 में माउंट एवरेस्ट पर पहली बार चढ़ाई शुरू की थी। वह 1995 में चढ़ाई पूरी नहीं कर पाये थे क्योंकि शिखर पर पहुंचने से पहले उनका एक साथी बीमार हो गया था। 2017 में कामी 21 बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाले तीसरे व्यक्ति बन गए थे। उसके अलावा सेवानिवृत्त होने से पहले अपा शेरपा और फुरबा ताशी शेरपा ने यह उपलब्धि हासिल की थी। कामी ने 2018 में सबसे अधिक बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने का रेकॉर्ड कायम किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *