नए साल में किन राशियों के ‘अच्‍छे दिन’

मेष राशि
2020 मेष राशि वालों के लिए शुभ फल लेकर आ रहा है। बीते कई वर्षों के मुकाबले यह वर्ष इनके लिए उत्तम रहने वाला है। इस साल शनि का गोचर आपकी राशि से 10वें स्थान में होने जा रहा है। कर्म स्थान में शनि का गोचर कार्यक्षेत्र में शुभ फल प्रदान करेगा। नौकरी व्यवसाय में परिश्रम खूब करना होगा जिसका उचित लाभ भी मिलेगा। सहकर्मियों और अधिकारियों से सहयोग और सम्मान प्राप्त होगा। 30 जून से 19 नवंबर के बीच गुरु की शुभ दृष्टि मेष ऱाशि पर होने से शुभ कार्यों पर आपको धन खर्च करना होगा। धर्म-कर्म में आपकी रुचि रहेगी। फरवरी और सितंबर एवं नवंबर के बीच राशि स्वामी मंगल की प्रतिकूलता से आपको स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना होगा। इस दौरान सेहत का खास ध्यान रखें।

उपायः मंगलवार का व्रत करें और सुंदरकांड या हनुमान चालीसा का पाठ करें। शनिवार और मंगलवार के दिन हनुमानजी को सिंदूर और चमेली का तेल मिलाकर लेपन करना शुभ रहेगा।

वृष राशि
इस साल 24 जनवरी से शनि का संचार आपकी राशि से 9वें स्थान में होने जा रहा है। शनि का यह राशि परिवर्तन कई मामलों में आपके लिए शुभ रहेगा। आप सबसे पहले तो ढैय्या से मुक्त हो जाएंगे। दूसरा भाग्य स्थान में शनि के आ जाने से धर्म-कर्म और अध्यात्म में आपकी रुचि बढ़ेगी। पुराने संबंध और पुराने दोस्त फिर से आपके करीब आएंगे। धार्मिक यात्राएं भी इस साल आप कर सकते हैं। सेहत के मामले में आपको ध्यान देना होगा क्योंकि गुरु का संचार काफी समय तक आपकी राशि से 8वें स्थान में होगा। नौकरी व्यवसाय में प्रगति के लिए समय अनुकूल है। आर्थिक क्षेत्रों में किए गए प्रयास भी इस वर्ष सफल होंगे। 23 सितंबर के बाद राहु के आपकी राशि में आने से जीवन में कुछ उथल-पुथल आएगी, बनते काम बिगड़ सकते हैं। राशि स्वामी शुक्र के शुभ प्रभाव से फरवरी का महीना आपके लिए शानदार रहेगा।

उपायः शुक्रवार को देवी लक्ष्मी को खीर का भोग लगाएं। कन्या भोजन समय-समय पर करवाते रहना चाहिए। चांदी की गोली या सिक्का बटुए में रखें।

मिथुन राशि
2020 आपके लिए काफी उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है। इस साल आपको काफी भागदौड़ करनी पड़ सकती है। शनि इस साल के आरंभ में राशि से आठवें घर में आकर आपको ढैय्या लगा रहे हैं। गुरु का संचार भी इस साल काफी समय तक आपकी राशि से आठवें घर में हो रहा है। ऐसे में आपको सेहत के मामले में जोखिम से बचना होगा। मधुमेह से प्रभावित लोगों को खान-पान पर संयम रखना होगा। यात्रा के दौरान सजग रहें, दुर्घटना की आशंका है। जून के बाद का समय कुछ हद तक आपके लिए शुभ रहेगा। इस दौरान नौकरी, व्यवसाय में स्थिति सुधरेगी। 23 सितंबर के बाद राहु के राशि से जाने से मानसिक उलझनों और व्यय में कमी आएगी। मई के अंतिम सप्ताह से अगस्त के बीच राशि स्वामी बुध के राशि में आने से यह समय आपके लिए पूरे साल सबसे अच्छा रहेगा। नौकरी में बदलाव के प्रयास भी इस दौरान सफल होंगे। आर्थिक लाभ मिलेगा।

उपायः शनिवार का व्रत करें और शनि स्तोत्र का पाठ करें। तिल का दान करें।

कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए साल 2020 मिलाजुला रहेगा। इस साल शनि का संचार 24 जनवरी के बाद आपकी राशि से सातवें घर में होगा। जबकि गुरु का संचार इस साल आपकी राशि से छठे और सातवें घर में होने जा रहा है। इस साल नौकरी में बदलाव का प्रयास सफल होगा। स्वास्थ्य सामान्य रूप से अनुकूल रहेगा। पारिवारिक जीवन में छोटी-मोटी परेशानियों से दो चार होना पड़ सकता है। अप्रैल महीने से जून तक गुरु का संचार आपके लिए शुभ रहने वाला है। इस अवधि में आर्थिक क्षेत्र में प्रगति करेंगे। पद-प्रतिष्ठा का भी लाभ मिलेगा।

उपायः शमी पेड़ को नियमित दीप दिखाएं। जरूरतमंदों की सहायता करें। शनिवार को शनि स्तोत्र का पाठ करें।

सिंह राशि
आपके लिए साल 2020 बीते वर्षों के मुकाबले बेहतर रहने वाला है। इस साल के आरंभ में शनि का संचार आपकी राशि से छठे घर में होगा जो आपके लिए शुभ है। शुभ ग्रह गुरु का संचार आपकी राशि से पंचम स्थान होगा जहां से आपकी राशि पर गुरु की नवम दृष्टि रहेगी। गुरु की शुभ दृष्टि से सितंबर तक का समय आपके लिए उत्तम रहेगा। आर्थिक मामलों में प्रगति होगी। कार्यक्षेत्र में मनोनुकूल परिवर्तन होगा। भाग्य का पूरा साथ मिलेगा और विरोधी परास्त होंगे। 23 सितंबर के बाद राहु केतु के राशि परिवर्तन से आपकी चिंता बढ़ेगी, पारिवारिक जीवन में कुछ उलझन परेशानी रहेगी। वैसे अक्टूबर का महीना कारोबार और धन संपत्ति के मामले में लाभप्रद होगा।

उपायः उगते सूर्य को जल दें, आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।

कन्या राशि
2020 कन्या राशि के लिए राहत का संदेश लेकर आ रहा है। इस वर्ष कन्या राशि के लोग कंटक शनि के अशुभ प्रभाव से मुक्त हो जाएंगे। सामान्य रूप से पूरे वर्ष आप स्वस्थ्य रहेंगे और पारिवारिक जीवन में आपसी तालमेल बना रहेगा। सगे संबंधियों से रिश्ते बेहतर होंगे। छात्रों के लिए वर्ष उन्नतिदायक रहेगा, पढ़ने-लिखने में रुचि रहेगी। नौकरी व्यवसाय में किया गया प्रयास सफल रहेगा। अप्रैल से जून से बीच गुरु की अनुकूल स्थिति नहीं होने से यह समय संघर्षपूर्ण रहेगा।

उपाय: आपको इस पूरे वर्ष में गुरुवार का व्रत रखना चाहिए। भगवान विष्णु की पूजा एवं विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें। बुधवार को गाय को हरा चारा खिलाना शुभ रहेगा।

तुला राशि
शुक्र की राशि तुला वालों के लिए यह वर्ष उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। जनवरी के अंत में शनि आपकी राशि से चतुर्थ स्थान में गोचर करते हुए ढैय्या लगा रहा है। सेहत के मामले में आपको अधिक सावधान रहना होगा। पारिवारिक जीवन में उलझन और तनाव का सामना करना पड़ सकता है। सितंबर के बाद राहु का परिवर्तन इस मामले में आपको ज्यादा परेशान करेगा। नौकरी व्यवसाय में अधिक परिश्रम और भाग दौड़ करनी होगी। अप्रैल से जून के बीच राशि से चौथे स्थान में गुरु का संचार कुछ राहत देगा। आर्थिक मामलों में इस साल संभलकर चलना होगा। खर्च पर काबू रखें। क्रोध और वाणी पर नियंत्रण रखें नहीं तो रिश्तों पर बुरा प्रभाव पड़ेगा।

उपायः बड़े बुजुर्गों की सेवा करें। शनि स्तोत्र का पाठ करें और शनिवार के दिन पीपल एवं शमी की पूजा करें।

वृश्चिक राशि
2020 में वृश्चिक राशि वाले शनि की साढ़ेसाती से मुक्त हो रहे हैं यह इनके लिए राहत की बात है लेकिन केतु का संचार सितंबर में आपकी राशि के ऊपर से हो रहा है। इस दौरान राशि स्वामी मंगल भी वक्री हो रहे हैं इसलिए साल का अंत उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। मानसिक परेशानी बढ़ेगी और दुर्घटना की आशंका रहेगी। हलांकि सितंबर तक सितारों की स्थिति अनुकूल रहने से आपके रुके हुए काम बनेंगे। पारिवारिक जीवन में समरसता और सहयोग बना रहेगा। नौकरी व्यवसाय में पद प्रतिष्ठा और धन लाभ बढ़ेगा। इस साल मांगलिक कार्यों पर धन खर्च होगा। मई से जून के बीच का समय कार्यक्षेत्र में विस्तार के लिए उत्तम है।

उपायः हनुमानजी को चमेली के तेल में सिंदूर मिलाकर लगाएं। मंगलवार को बूंदी का प्रसाद चढ़ाएं। सुंदरकांड का पाठ करें।

धनु राशि
गुरु की राशि धनु वालों के लिए 2020 खट्टे मीठे अनुभवों वाला रहेगा। इस साल आप पूरे वर्ष साढ़ेसाती के तीसरे चरण के प्रभाव में रहेंगे लेकिन राहत की बात यह है कि राशि स्वामी गुरु काफी समय तक आपकी राशि में स्थित रहेंगे जिससे आने वाली चुनौतियों का सामना आसानी से कर लेंगे। परिश्रम तो करना होगा लेकिन इसका लाभ भी मिलता रहेगा जिससे समय-समय पर प्रसन्नता की अनुभूति होगी। धर्म-कर्म और अध्यात्म में आपकी रुचि बढ़ेगी, तीर्थयात्रा कर सकते हैं। अप्रैल और जून के बीच गुरु और शनि के मकर राशि में संयोग के दौरान जीवन में कुछ अधिक अस्थिरता रहेगी। नौकरी-व्यवसाय में भी तनाव रहेगा।

उपायः शनिवार को शनि मंदिर में दीप दान करें। जरूरतमंदों को काला कंबल दान दें। जल में दूध मिलाकर पीपल की जड़ को सींचें।

मकर राशि
साल 2020 मकर राशि वालों के लिए बीते साल की तुलना बहुत अधिक लाभप्रद नहीं है। इस साल इस राशि के लोग साढे़साती के दूसरे चरण के प्रभाव में रहेंगे। शनि आपकी राशि में आकर विराजमान होंगे जबकि गुरु का संचार वर्ष के अधिकतर समय में राशि से 12वें स्थान में होगा। साल के अंत में राहु केतु का बदलाव भी सकारात्मक नहीं है। ग्रहों की इस स्थिति में परिश्रम से आर्थिक लाभ मिलेगा। आय की अपेक्षा खर्च बढ़ा रहेगा। कामकाज और पारिवारिक मामलों की वजह से यात्रा करनी पड़ सकती है। सेहत का ध्यान रखना होगा। विरोधियों का प्रभाव बढ़ेगा लेकिन कुछ अहित नहीं कर पाएंगे। अप्रैल से जून और फिर साल की अंतिम तिमाही में वाणी और व्यवहार पर संयम रखना होगा नहीं तो अपनों से मतभेद हो सकता है।

उपायः पूरे साल झूठ और क्रोध पर संयम रखें। शनि स्तोत्र का पाठ करें। शनिवार को मदिरा सेवन और मांसाहार से परहेज रखें। शनि के मंत्रों का जप कल्याणकारी होगा।

कुंभ राशि
2020 में कुंभ राशि के स्वामी शनि राशि से 12 वें स्थान में होंगे जिससे आप साढ़ेसाती के पहले चरण के प्रभाव में रहेंगे। इस वर्ष आपको नौकरी, व्यवसाय और जीवन के दूसरे क्षेत्रों में जोखिम लेने से बचना होगा। इस साल स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। दुर्घटना की भी आशंका है इसलिए जोखिम ना लें। गुरु का संचार आपकी राशि से 11 वें और 12 वें स्थान में होगा जिससे तमाम कठिनाइयों के बावजूद आर्थिक स्थिति सामान्य बनी रहेगी। खर्च बढ़ेगा इसलिए बजट का ध्यान रखते हुए काम करना चाहिए। भाग्य का साथ इस पूरे साल कम ही मिल रहा है इसलिए परिश्रम अधिक करना होगा।

उपायः निराशा को हावी ना होने दें। खान-पान संयमित रखें। शनिवार को जरूरतमंदों और सफाईकर्मियों को कुछ धन का दान करें। हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ करना चाहिए।

मीन राशि
2020 मीन राशि वालों के लिए सामान्यतः सुखद रहने वाला है। इस वर्ष शनि, गुरु और राहु केतु सभी ग्रहों की स्थिति आपके लिए प्रतिकूल नहीं है। इन स्थितियों में भाग्य का साथ मिलता रहेगा। नौकरी व्यवसाय में प्रगति करेंगे। धन संबंधी समस्या भी इस साल कम परेशान करेगी। व्यय संतुलित और आवश्यक कार्यों पर होगा। खान-पान और रहन-सहन संतुलित रखें तो आमतौर पर आप स्वस्थ रहेंगे। मित्रों और संबंधियों से सहयोग एवं लाभ प्राप्त कर सकेंगे। फरवरी मार्च के बीच पारिवारिक जीवन को संतुलित बनाकर चलना होगा, आपसी मतभेद ना हो ध्यान रखें।

उपायः भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करें। गुरुवार को घी का दीप जलाना चाहिए। राशि स्वामी गुरु के मंत्रों का जप आपके लिए लाभप्रद रहेगा। केसर या पीले चंदन का तिलक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *