त्रिपुरा उपचुनाव में जीत पूर्वोत्तर में विकास का परिणाम :  राकेश सिंह

भोपाल 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। त्रिपुरा निकाय उपचुनाव में भाजपा को मिली जीत बताती है कि वहां की जनता ने विकास की दिशा में किए गए प्रयासों को अपनी मान्यता दे दी है। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने निकाय उपचुनावों के परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही। सिंह ने इस बड़ी जीत के लिए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लबदेव एवं कार्यकर्ताओं को बधाई भी दी। 

    त्रिपुरा में स्थानीय निकायों एवं अगरतला नगरनिगम के उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान हुआ था। शुक्रवार को आए परिणामों में भाजपा ने 67 में से 66 निकायों में जीत हासिल की। सिंह ने कहा कि केंद्र में लंबे समय तक सत्ता में रही कांग्रेस ने पूर्वोत्तर के विकास के लिए पर्याप्त गंभीरता से प्रयास नहीं किए। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र में एनडीए की सरकार बनने के बाद इस क्षेत्र के महत्व को समझते हुए सरकार ने विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अधोसंरचनात्मक विकास की कई परियोजनाएं शुरू की गईं। इनमें से कुछ परियोजनाएं पूरी भी हो चुकी हैं और जनता को इनका लाभ मिलना शुरू हो गया है। जनता ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों और नीयत को अपना समर्थन देते हुए निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को अभूतपूर्व विजयश्री दिलाई है। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *