जान बचाने के लिए ससुराल से 10 किमी साइकिल चलाकर मायके पहुंची पत्नी, पति करना चाहता था हत्या
भगवानपुर
बिहार के वैशाली जिले में दहेज के लालच में ससुराल वालों और पति ने महिला को मारने की साजिश रच डाली। जब इसकी भनक महिला को लगी तो वह अपनी जान बचाकर ससुराल से भाग गई। अपनी जान बचाने के लिए महिला रात में लगभग 10 किमी साइकिल चालकर मायके पहुंची।
जानकारी के अनुसार, मामला जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के कानू टोला का है। पुतुल के भाई चंदन ने बताया कि पांच साल पहले उसकी बहन की शादी प्रेम साह से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले पुतुल को दहेज के लिए परेशान करने लगे थे। कुछ दिन पहले ही प्रेम साह को बाइक लेकर दी थी। इसके बावजूद भी वह लगातार उसकी बहन से पैसे मांग रहे थे।
इसी बीच ससुराल वालों और पति ने पुतुल को मारने की साजिश रची। महिला को इस बात का पता चला कि ससुराल वाले उसकी हत्या करने वाले हैं। परिवार के लोग रात को जब खाना खा रहे थे तभी मौका देखकर वह ससुराल से भाग गई। उसने ससुराल (अकबर मलाही सराय) से मायके (कानू टोला भगवानपुर) तक करीब 10 किलोमीटर की दूरी साइकिल द्वारा तय की।
जैसे ही पुतुल के पति को इस बात की भनक लगी कि वह मायने भाग गई तो वह उसका पीछा करते हुए कानू टोला पहुंच गया। इस दौरान महिला के भाई चंदन ने उसे रोकने की कोशिश की। इस झड़प में प्रेम ने चंदन के सीने में गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।