जन्नत में बदलता कश्मीर कांग्रेस को नहीं सुहा रहा: सुशील मोदी

नई दिल्ली

उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि कांग्रेस के कुछ नेता आजाद भारत की मुस्लिम लीग बनाने पर तुले हैं। पता नहीं जन्नत में बदलती कश्मीर घाटी कांग्रेस को बुरी क्यों लग रही है? उन्होंने कहा है कि आतंकवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद-370 की जंजीरों से आजाद कर केंद्र शासित प्रदेश बनाना जरूरी था।

यह ऐतिहासिक फैसला स्थानीय लोगों को तेज विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए भी जरूरी था, लेकिन दुर्भाग्यवश पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदम्बरम और दिग्विजय सिंह इस फैसले की आड़ में मुस्लिम समुदाय को सरकार के खिलाफ उकसाने की कोशिश कर रहे हैं। जिस कश्मीर से रोज मरने-मारने की खबरें आती थीं, वहां एक सप्ताह से एक भी गोली नहीं चली और बकरीद जैसा त्योहार अमन-चैन से बीता।

उन्होंने कहा है कि कश्मीर के केंद्रशासित प्रदेश बनने पर फिल्म, पर्यटन और खाद्य प्रसंस्करण जैसे उद्योगों का विकास होने से लोगों को रोजगार के मौके मिलेंगे। सरकारी कर्मचारियों की सुविधाएं बढ़ेंगी। दलितों के बच्चे अफसर बन सकेंगे। रिजर्वेशन का लाभ मिलेगा और पंचायतस्तर तक लोकतंत्र मजबूत होगा। कश्मीरियों की बेहतर जिंदगी के लिए 70 साल से बंद दरवाजे खोलने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न मिले, इसलिए कांग्रेस पूरे मामले को मजहबी रंग देने पर तुली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *