गृह मंत्री और वन मंत्री पर भड़के दिग्विजय सिंह, इधर गृह मंत्री बच्चन ने दी सफाई

भोपाल 
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने ही सरकार के गृह मंत्री बाला बच्चन और वन मंत्री उमंग सिंघार को आड़े हाथों लिया है। दोनों के मामले विधानसभा के सवालों पर दिए गए उत्तरों से जुड़े हुए हैं। दिग्विजय सिंह ने गृह मंत्री के एक जबाव को भाजपा को क्लीन चिट देने वाला बताया है। 

सिंह ने कहा है कि मंदसौर गोलीकांड में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई यह बताकर सरकार ने भाजपा को क्लीनचिट दे दी है। गौरतलब है कि कांग्रेस विधायक हर्ष गेहलोत के सवाल पर उत्तर दिया था कि वहां पर पुलिस ने आत्मरक्षा और हिंसक भीड़ को नियंत्रित करने क लिए गोली चलाई गई थी। एसडीएम श्रवण भंडारी ने आत्मरक्षा और शासकीय संपत्ति को नुकसान से बचाने के लिए पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई की थी। 

वहीं सिंह ने वन मंत्री उमंग सिंघार पर भी निशानासाधते हुआ कहा कि उन्हें क्या जरुरत थी कि यह बताने की नर्मदा किनारे पौधा रोपण हुआ ही नहीं। सिंह ने कहा कि वे खुद सैकड़ो किलोमीटर पैदल चले हैं, वन मंत्री बताएं वे नर्मदा किनारे कितने किलोमीटर चले हैं। 

गड़बड़ मिली तो फिर कराएंगे जांच
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह के बयान के बाद गृह मंत्री बाला बच्चन ने सदन में मंदसौर गोली कांड को लेकर पेश रिपोर्ट पर सफाई दी है। उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि मंदसौर गोली कांड को लेकर पुरानी सरकार की रिपोर्ट पेश की है, हमारी सरकार परीक्षण करा रही है, जरुरी हुआ तो मंदसौर गोली कांड की दोबारा जांच कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *