किसानों को धोखा, बेरोजगार युवाओं का मजाक उड़ा रही प्रदेश सरकार 

अशोकनगर 
कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए किसानों से दो लाख तक का कर्ज माफ करने का वादा किया था। प्रदेश के युवाओं से भी रोजगार और बेरोजगारी भत्ते का वादा किया था। लेकिन न कर्ज माफी हुई और न ही युवाओं को बेरोजगारी भत्ता मिला। सरकार की कर्जमाफी की मंशा ही नहीं थी, इसलिए पहले किसानों से लाल-पीले फॉर्म भरवाए और अब आचार संहिता का बहाना लेकर कर्जमाफी टाल दी है। इसी तरह युवाओं से रोजगार के नाम पर जानवरों का हांका जैसा काम करने को कहा जा रहा है। प्रदेश के किसान और युवा आक्रोशित हैं। जिस तरह मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कर्जमाफी के नाम पर माफी मांगी है, अब प्रदेश का किसान भी उनसे माफी मांग रहा है और कह रहा है कि हमारा वोट प्रधानमंत्री मोदी को जाएगा, ताकि देश में फिर भाजपा की सरकार बन सके। 

यह बात गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने विजय संकल्प यात्रा के दौरान अशोकनगर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद से भाजपा के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। अगर भाजपा कार्यकर्ता की तरह आंख भी उठी तो हम सड़कों पर लड़ाई लड़ेंगे। कोई हमें दबाने की कोशिश न करे,  जब हम बदलते हैं तो इतिहास बदल जाते हैं। प्रदेश में अपराध जोरों पर हैं। रोजाना 6 हत्याएं हो रही हैं, मासूम बच्चे मारे जा रहे हैं। यह कैसी सरकार है, जो कुंभकरणी नींद में सो रही है। तबादला उद्योग के जरिए सरकार में भ्रष्टाचार का खुला खेल चल रहा है। कोई तबादला करवाने के पैसे ले रहा है, तो कोई रूकवाने का पैसा ले रहा है। कांग्रेस 15 वर्षों से सत्ता की भूखी थी, इसलिए सत्ता आते ही सफेदपोश लुटेरे खुलेआम लूट-खसोट में लगे हुए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने एक मंच से कहा था कि ऐसी सरकार देंगे जो किसानों के लिए, युवाओं के लिए, गरीबों के लिए, माता-बहनों के सम्मान के लिए काम करने वाली होगी। ये सब तो अब सड़क पर खड़े हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता, मुख्यमंत्री जी, कहां हैं। सिंधिया जी जनता ढूंढ रही है, आप कहां हैं। जनता पूछ रही है, जो वादे किए थे उनका क्या हुआ। चुनाव पहले भी कई बार आए। इस बार भी आचार संहिता लग चुकी है। लेकिन इस बार के चुनाव में कोई एक दल या प्रत्याशी नहीं जीतेगा-हारेगा। इस बार के चुनाव में या तो देश जीतेगा या देश हारेगा। भाजपा देश को जिताना चाहती है ताकि देश भ्रष्टाचार से मुक्त रहे, सुरक्षित रहे। विकास की गंगा आगे बढ़े। इन सबके लिए हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व चाहिए। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, महेन्द्र सिंह यादव आदि उपस्थित थे।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *