ऐक्ट्रेस आरजू गोवित्रिकर ने पति के खिलाफ कराई मारपीट की FIR, पुलिस को दिए CCTV फुटेज

मुंबई 
टीवी और फिल्म ऐक्ट्रेस आरजू गोवित्रिकर ने मुंबई के वर्ली पुलिस स्टेशन में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पति सिद्धार्थ सब्बरवाल उन्हें शराब के नशे में मारते-पीटते हैं। मॉडल-अभिनेत्री अदिति की बहन आरजू ने शिकायत के साथ अपने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज भी पुलिस को दी है। आरजू ने पुलिस को दिए गए बयान में कहा है कि सिद्धार्थ पिछले कई वर्षों से उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। मार्च 2010 में दोनों ने लव मैरेज की थी। 

आरजू अपने पति के साथ वर्ली के पोचखानवाला रोड पर रहती थीं लेकिन मारपीट से से परेशान होकर वह कुछ दिन पहले अपने घर वापस आ गईं। 19 फरवरी को दायर की गई अपनी शिकायत में आरजू ने कहा कि 15 फरवरी को उनका अपने पति के साथ शराब पीने की लत को लेकर विवाद हुआ था। झगड़े के बाद पति ने उन्हें सुबह लगभग 4 बजे बाथरूम के अंदर उन्हें घसीटा और बुरी तरह पीटा। 

चेहरे पर थूकने का आरोप 
आरजू का आरोप है कि सिद्धार्थ ने उनके पूरे परिवार को मारने की धमकी दी। उन्होंने शिकायत में आगे कहा कि 22 जनवरी को भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरजू का आरोप है कि तब सिद्धार्थ ने उसके चेहरे पर थूक दिया था और जब उन्होंने विरोध किया, तो उसने फिर से उनके चेहरे पर थूका। 

बेटे को किडनैप करने का आरोप 
मंगलवार को आरजू, उसकी बहन अदिति और उनके कॉमन फ्रेंड, अभिनेता आशीष चौधरी, वर्ली पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया था कि सिद्धार्थ ने आरजू की सहमति के बिना उनके पांच साल के बेटे को अपने पास जबरन रख लिया है। आरजू ने यहां तक आरोप लगाया है कि सिद्धार्थ को किडनैप करके उसके बदले रुपये मांगे हैं। पुलिस ने भी सिद्धार्थ के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 498 ए (क्रूरता), 323 (चोट पहुंचाने), 504 (शांति को भड़काने के इरादे से अपमान), 506 (धमकी देना) और 509 (महिला के शील को भंग करना) जैसी धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *