अलविदा अरुण जेटली, BJP मुख्यालय में अंतिम दर्शन को रखा गया पार्थिव शरीर

नई दिल्ली
पूर्व वित्त मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को एम्स में 66 वर्ष की आयु में निधन हो गया. सांस में तकलीफ की शिकायत के बाद जेटली को 9 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था. उनके निधन से राजनीतिक जमात में शोक की लहर है. आज दिल्ली के निगमबोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. उनका पार्थिव शव अंतिम दर्शन के लिए पार्टी मुख्यालय में रखा गया है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली को पार्टी मुख्यालय में श्रद्धांजलि दी.

पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के पार्थिव शरीर को रविवार सुबह कैलाश कॉलोनी स्थित उनके आवास से जनता दर्शन केलिए भाजपा मुख्यालय में ले जाया गया. जेटली का पार्थिव शरीर ले जा रहे फूलों से लदे सैन्य वाहन के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेता भी काफिले में आए. पार्टी सूत्रों ने बताया कि भाजपा मुख्यालय में पार्थिव शरीर को दोपहर 2 बजे तक रखा जाएगा और उसके बाद अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर को निगमबोध घाट के लिए ले जाया जाएगा.

बीजेपी के लिए अमूल्य संपत्ति थे जेटलीः माजिद मेनन
जेटली उन बहुत कम नेताओं में से थे, जिनकी हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं पर बराबर की पकड़ थी. वास्तव में वह भाजपा के लिए एक अमूल्य संपत्ति थे. शून्य को भरना मुश्किल है.

इंडिगो ने यात्रियों को किया सचेत
इंडिगो ने यात्रियों को सचेत करते हुए ट्वीट किया कि दिल्ली में आज भारी ट्रैफिक हो सकती है क्योंकि हमारे पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का आज दोपहर अंतिम संस्कार किया जाएगा. हवाई अड्डे की यात्रा के दौरान समय का ध्यान रखें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *