अमित शाह ने किसान मोर्चा अधिवेशन का किया शुभारंभ, कहा- व्यर्थ नहीं जाएगा कश्मीर में बहा खून

 
गोरखपुर

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को गोरखपुर में किसान मोर्चे के 2 दिवसीय अधिवेशन का शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि पुलवामा हमले को लेकर पूरे देश में रोष है, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि आपके द्वारा बनाई गई बीजेपी की सरकार आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है। कश्मीर में बहा खून व्यर्थ नहीं जाएगा। 

देशभर में किसान अगर बदहाल, तो इसमें कांग्रेस का योगदान: शाह
विपक्ष पर निशाना साधते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि 70 साल तक जो भी सरकारें आईं उन्होंने किसानों को वोटबैंक समझ कर टुकड़ों में काम किया, लेकिन पहली बार नरेंद्र मोदी की सरकार ने टेक्नोलॉजी के आधार पर विकास करना शुरू किया। राहुल बाबा हमें सलाह दें रहे हैं, जिन्हें ये नहीं पता कि आलू खेत के नीचे होता है या ऊपर। मैं कहता हूं वो मुझे खरीफ फसल के नाम लिखकर दे दें हम मान जाएंगे। देशभर में किसान अगर बदहाल था तो इसमें एक पार्टी कांग्रेस का योगदान रहा। पहले किसान का यूरिया कारोबार में चला जाता था। उसे यूरिया नहीं मिलता था, किसानों पर लाठियां चलती थीं। कांग्रेस के राज में यूरिया के लिए लाइन लगती थी, लेकिन मोदी सरकार ने इसे नीम कोटेड कर दिया जिसके चलते अब कालाबाजारी नहीं हो पाती है।

गांव-गांव जाकर झूठ बोलने का काम कर रहे राहुल बाबा
शाह ने कहा कि यूपीए की एक संस्कृति है झूठ बोलना और बार-बार बोलना। राहुल बाबा गांव-गांव जाकर झूठ बोलने का काम कर रहे हैं। मैं राहुल बाबा से पूछना चहता हूं कि कर्नाटक में कितने किसानों का ऋण माफ किया। आपकी सरकार 10 साल तक थी, आपने किसानों के लिए क्या किया। मैं राहुल बाबा और कंपनी को खुली चुनौती देता हूं कि आंकड़ें लेकर मैदान में आ जाएं। जिसको चर्चा करनी है करें। बीजेपी सरकार ने जितने समर्थन मूल्य से फसल की खरीद की है, इतना मूल्य अन्य किसी भी सरकार ने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जवाहर लाल जो पत्थर रखकर गए उसे मोदी ने पूरा किया। देवगौड़ा ने जो पत्थर रखा उसे भी पीएम ने पूरा किया। इंदिरा बहन ने जो पत्थर लगाया था उसे भी मोदी ने पूरा किया।

कृषि के क्षेत्र में हमारा देश बना आत्मनिर्भर 
उन्होंने कहा कि किसान और जवान हमारे देश की पहचान है। हमने कृषि को व्यापार से जोड़कर किसानों का विकास किया है। कृषि के क्षेत्र में हमारा देश आत्मनिर्भर बना है। हमारा देश कृषि प्रधान देश है। हमारे देश की पहचान ही कृषि और किसान है, देश की 60% आबादी कृषि पर ही निर्भर है और देश की GDP का 15% कृषि क्षेत्र से आता है, किसान के पसीने से आता है। मोदी सरकार ने किसानों की सहायता राशि और सहायता की पात्रता भी बढ़ाई है। आजादी के बाद एक 5 साल के कार्यकाल में कृषि बजट में 80% तक की वृद्धि करने का काम केवल और केवल मोदी सरकार ने किया है। किसानों की ज्यादा से ज्यादा सहायता मिले ये प्रयास हमारी सरकार ने किए।

 इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि फसल ऋण मोचन कार्यक्रम अगर कहीं सबसे ज्यादा सफल हुआ तो वो है उत्तर प्रदेश। हम लोगों ने संकल्प पत्र में कहा था कि इसका भुगतान करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर चीनी की जरूरत है तो चीनी बनाई जाएगा अगर नहीं है तो गन्ने का एथेनॉल बनाकर गन्ना किसानों का उसके मूल्य का भुगतान किया जाएगा। आजादी के बाद पहली बार हुआ कि किसानों के खाते में सीधे आरटीजीएस के माध्यम से पैसा भेजने का काम किया जा रहा है।

सपा-बसपा को नहीं थी किसानों की परवाह: मुख्यमंत्री 
विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा-बसपा को किसानों की परवाह नहीं थी। उत्तर प्रदेश में इतनी उपजाऊ भूमि होने के बाद भी पिछली सरकारों की प्रताड़ना की वजह से किसान आत्महत्या करने पर मजबूर होते रहे। प्रदेश के अंदर गन्ना किसानों की हालत खराब थी। 5-6 साल तक से गन्ना किसानों का मूल्य का भुगतान नहीं हुआ था। बाण सागर परियोजना पर पिछली सरकारों ने कभी ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनी तो जो काम 40 सालों में नहीं हो पाया वो काम हो गया।

 BJP ने किसानों के लिए चलाईं कई योजनाएं 
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में किसानों की समस्याओं का समाधान हुआ। केंद्र सरकार किसानों की आवाज बनी। आस्था का सम्मान कैसे होना चाहिए हमने बताया। बीजेपी ने किसानों के लिए कई योजनाएं चलाईं हैं। खाद के बंद कारखानों को हमने चालू करवाया। 

हमारी पार्टी पहले दिन से कर रही किसानों के मुद्दे पर काम: BJP प्रदेश अध्यक्ष 
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि किसानों के हित में राज्य और केंद्र सरकार मिलकर किसानों के मुद्दे को उठाकर उसके हित के लिए योजना बनाती रही है। अन्य पार्टियां चुनाव के समय ही सिर्फ किसानों की आवाज को उठाने का काम करती है, लेकिन हमारी पार्टी पहले दिन से ही किसानों के मुद्दे पर काम कर रही है।

 बता दें कि, अधिवेशन 4 सत्र में होगा और प्रधानमंत्री की 24 फरवरी की रैली से इसका समापन होगा। किसान अधिवेशन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसान अधिवेशन पंडाल के पास ही कृषि प्रदर्शनी लगाई गई है। देश के अलग-अलग राज्यों से किसान गोरखपुर आ गए हैं। सबको होटल, गेस्ट हाउस और जीडीए की नई कॉलोनियों में ठहराया गया है। इसके अलावा अधिवेशन को सफल बनाने के लिए नेताओं ने भी डेरा डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *