अफगानिस्तान में तालिबान ने 50 पुलिसकर्मियों को अपने कब्जे में लिया

काबुल
अफगानिस्तान बॉर्डर पुलिस के 50 जवानों को आतंकी संगठन तालिबान ने अगवा कर लिया है। अफगानिस्तान के पश्चिमी प्रांत बादगीस में आतंकियों से लड़ाई के दौरान बॉर्डर पुलिस के जवान घिर गए थे, जिसके चलते उन्होंने सरेंडर कर दिया। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्रालय के तहत आने वाली बॉर्डर पुलिस के करीब 100 जवान अपनी चौकियों को छोड़कर भाग रहे थे। उन्होंने पड़ोसी देश तुर्कमेनिस्तान में घुसने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें ऐसा करने से रोक दिया गया। इसके बाद 50 जवानों ने तालिबान के सामने सरेंडर कर दिया। 

हालांकि 50 जवान अब भी तालिबान के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं। अफगानिस्तान के बादगीस प्रांत के बाला मुर्गब जिले में यह लड़ाई जारी है। बादगीस की प्रांतीय सरकार की परिषद के चेयरमैन अब्दुल अजीज बिक ने कहा, 'ये सैनिक कई सालों से तालिबान से लड़ रहे हैं और यदि ये हथियार डालते हैं तो उनकी हत्या भी जा सकती हैं।' 

सरकार ने 50 जवानों के सरेंडर की बात कही है, लेकिन तालिबान का दावा है कि उसके समक्ष 90 पुलिसकर्मियों ने सरेंडर किया है। तालिबान ने ट्विटर पर सरेंडर करने वाले पुलिसकर्मियों की तस्वीरें भी जारी की हैं। तालिबान ने कुछ पुलिसकर्मियों की मौत की भी बात कही है। हालांकि अब भी यह स्पष्ट नहीं है कि तालिबान से जंग में कितने जवानों की मौत हुई है या फिर कितने आतंकी ढेर हुए हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *