होटल के कमरे में बर्तन दुकानदार ने फांसी लगा की आत्महत्या 

पटना 
                                                                                                                                    
होटल के कमरे में बर्तन दुकानदार ने पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना जक्कनपुर थाना इलाके में स्थित होटल माधो इंटरनेशनल में रविवार को हुई। युवक का नाम प्रिंस कुमार है। वह मूल रूप से गोपालगंज जिले के मोरगंज उचका गांव का रहने वाला है। 

बीते चार जुलाई को प्रिंस इसी होटल के कमरा नंबर 206 में आकर ठहरा था। रविवार को जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटलकर्मियों ने आवाज लगायी। कोई जवाब नहीं मिलने पर शक हुआ। होटलकर्मियों ने ताक-झांक शुरू की तो पता चला कि युवक ने फांसी लगा ली है। इसके बाद घटना की खबर जक्कनपुर थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। थानेदार मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। उसमें निजी कारणों से आत्महत्या करने की बात का जिक्र है। मृतक के परिजनों को पुलिस ने खबर कर दी है। 

मुझमें ऐसी दिक्कतें हैं जो …
बरामद सुसाइड नोट में युवक ने लिखा है पापा, मम्मी, सोनू भैया और गौरव मैं आपसभी लोगों से माफी मांगता हूं। सुसाइड नोट में एक लड़की के नाम का जिक्र है। यह लिखा है कि …बहुत अच्छी लड़की है। उसके विचार बहुत ही अच्छे हैं। मुझमें ऐसी दिक्कतें हैं जो मैं अभी तक किसी को जाहिर नहीं कर पाया और उस वजह से मुझे आगे चलकर घूंट-घूंट कर जीना पड़ता।  मैं अपनी थोड़ी-सी खुशी के कारण उसके जीवन भर की खुशियां बर्बाद नहीं कर सकता। युवक ने सुसाइड नोट में आत्महत्या को लेकर किसी को दोषी नहीं ठहराया है। 

मां और भाई को वाट्स एप पर भेजा सुसाइड नोट 
अपनी इहलीला समाप्त करने से पहले प्रिंस ने अपनी मां, भाई व परिवार के अन्य सदस्यों को रविवार की सुबह 11 बजे सुसाइड नोट भेजा। इसके बाद उसने फांसी लगा ली। इस घटना की तफ्तीश में जुटे जक्कनपुर थानेदार को मृतक के मोबाइल से और भी कई चीजें मिली हैं। प्रिंस ने मैसेज भेजने के बाद वाट्स एप बंद कर दिया था। उसके मोबाइल में 54 मिस कॉल हैं। दूसरी ओर वाट्सएप पर बेटे का सुसाइड नोट देखकर युवक की मां ने उसे दूसरी जगह जाकर रहने और वहां परिवार के किसी सदस्य के नहीं जाने की बात लिखी है। उन्होंने उस लड़की की शादी प्रिंस के भाई गौरव से करवाने को कहा है। ऐसे किसी तरह का कदम उठाने से भी मना किया है।  हालांकि ये बातें प्रिंस पढ़ नहीं सका। मैसेज उसके मोबाइल पर बाद में पहुंचा।

फरवरी में हुआ था छेंका 
इसी साल फरवरी में युवक का छेंका हुआ था। फिर ऐसी कौन-सी बात थी कि उसने फांसी लगा ली। इस घटना के बाद कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। आखिर युवक किस बीमारी से जूझ रहा था, जिसका जिक्र उसके मोबाइल में मिले एक मैसेज में भी है। ऐसी कौन-सी बात थी, जिससे प्रिंस इतना परेशान हो गया कि उसने अपनी जान दे डाली। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *